कानी चुड़ैल ने जबसे सुना था कि चुड़ैलों का ब्यूटी कांटेस्ट
होंनेवाला है, वह उसकी तैयारियों में
पूरे मन से जुट गई थी।
कानी चुड़ैल बहुत लड़ाका और कर्कश स्वभाव की थी। वह एक पुराने
इमली के पेड़ पर उल्टी लटकी रहती थी। उधर से निकलनेवालों का उसने जीना हराम कर रखा
था। कभी किसी की साइकिल की हवा निकाल देती तो कभी किसी को धक्का दे देती। लोग
पुरानी इमली की तरफ निकलने से कतराते थे।
कानी चुड़ैल ने सुन रखा कि अब ब्यूटी कांटेस्ट में शरीर की
सुंदरता ही नहीं, गुणों को भी
देखा जाता है। दिखने में तो वह काली-कलूटी और भयंकर थी ही, उसके काम भी ऐसे थे कि उसने चुड़ैलों की दुनिया में अपना नाम
कमा रखा था। एक चुड़ैल दिखने में भी डरावनी हो और इंसानों को डराने में भी माहिर हो, इससे बढ़कर भला और क्या गुण हो सकता है। कानी चुड़ैल को
विश्वास था कि यह कांटेस्ट वही जीतेगी।
उसने पूरी तैयारी भी शुरू कर दी थी।
सबसे पहले वह सबसे मशहूर और महँगी ब्यूटीशियन ब्लैक वैंपायर को ज्वाइन कर लिया। ब्लैक वैंपायर का बड़ा नाम था। वह अपने मेकअप से इंसान को भी भूत बना देने में माहिर थी। एक फैशन-शो में जबसे उसने एक चुड़ैल को इंसानी शक्ल-सूरत में पेश किया था, तब से भूतों में उसकी धाक जम गई थी। फैशन-शो में बैठे जज भूत भी एक सजी-धजी औरत को देखकर चौंक गए थे। थोड़ी देर के लिए सारे भूत डर भी गए थे कि उनकी सभा में एक इंसान कैसे आ गया। पर उन्हें पता चला कि यह कमाल ब्लैक वैंपायर का है तो वे उसकी प्रशंसा करते नहीं थके। ब्लैक वैंपायर की फीस बहुत थी, पर कानी चुड़ैल को किसी भी क़ीमत पर यह कंटेस्ट जीतना था। उसने हफ्ते भर का कोर्स ज्वाइन कर लिया।
ब्लैक वैंपायर रोज़ सुबह-शाम कानी चुड़ैल के चेहरे की मसाज कर
रही थी। इसके लिए वह शमशान की राख से बनाया गया स्पेशल स्क्रबर और मास्क प्रयोग कर
रही थी।
कानी चुड़ैल ने एक डाइटीशियन की सलाह लेना भी शुरू कर दी थी।
पहले तो वह जो मन में आए खा लेती थी। चमगादड़, छिपकली, चूहे, गिरगिट जो भी मिलता हज़म कर जाती थी। कभी-कभी वह मच्छरों को
भी निगल जाया करती थी। पर अब उसने डायटीशियन की सलाह पर बैलेंस और पौष्टिक डाइट
लेनी शुरू कर दी थी। खाने-पीने का समय भी तय कर लिया था। बीच-बीच में डाइटिंग भी
कर लेती।
कानी चुड़ैल ने अब अपनी नींद भी नियमित कर ली थी। सूरज ढलते
ही वह उठ जाती उसने एक जिम भी ज्वाइन कर ली थी। शरीर को सुडौल बनाने के लिए व जिम
ट्रेनर के निर्देशन में ख़ूब पसीना बहाती। जिम में आनेवाले ज़्यादातर भूत-भूतिनयाँ
युवा थे। वे उसके जुनून को देखकर उसका ख़ूब हौसला बढ़ाते।
जैसे-जैसे कांटेस्ट के दिन नज़दीक आते जा रहे थे, कानी चुड़ैल और व्यस्त होती जा रही थी। उसने अपने लिए कंधार
के भेड़ों के चमड़े से बना गाउन ऑन लाइन मँगवाया था। नीले रंग के रोओंवाला गाउन बेहद
ख़ूबसूरत लगता था। वह बार-बार शीशे के सामने गाउन पहनकर देखती और मन ही मन ख़ुश हो
जाती। नीले गाउन में उसका शरीर ऐसा लगता था जैसे किसी ने कपड़ों में कोयले का खंबा
फिट कर दिया हो।
पर उसके सामने एक सबसे बड़ी मुश्किल थी। इस तरह के कांटेस्ट में कैटवॉक बहुत अहम होती है। नदी के पुल पर बनी ढलान को रैंप की तरह प्रयोग करके उसने कैट-वॉक तो उसने सीख ली थी, पर समस्या यह थी कि उसके पैर हाई हील की सैंडिल नहीं थी।
उसके पैर उल्टे थे। आमतौर पर सभी चुड़ैलों के पैर उल्टे होते हैं, इसलिए उनके लिए चप्पलें और सैंडिल बहुत अच्छी क्वालिटी के नहीं मिल पा रहे थे। माँग कम होने के कारण कारण कंपनियाँ भी बहुत अच्छे और महँगे प्रोडक्ट नहीं बनाते थे। उसने ऑन लाइन भी सर्च कर लिया। पर मिल रही सैंडिलों से वह संतुष्ट नहीं थी। उसकी सारी तैयारियाँ तो पूरी थीं, पर सैंडिल न होने की चिंता उसे खाए जा रही थी।
उसने सैंडिल बनानेवाली तमाम कंपनियों से सीधा संपर्क किया, पर उसे निराशा ही हाथ लगी। आख़िरकार उसने एक उपाय निकाला। वह
भूत बस्ती के एक पुराने कारीगर के पास गई और उसे मुँह-माँगे पैसों का लालच दिया।
किसी तरह से वह कारीगर तैयार हो गया। उसने धूल खा रही राँपी और कतरनी निकाल ली।
उसने वादा किया वह दो दिनों में उसकी मनपसंद सैंडिल बनाकर दे देगा।
दो दिनों बाद जब कानी चुड़ैल को सैंडिल मिली तो वह फूली नहीं समाई। सैंडिल सचमुच बहुत ख़ूबसूरत थी। अजगर की खाल से बनी सैंडिल की ख़ूबसूरती देखते ही बनती थी। लगता था सचमुच जुड़वाँ अजगर लपकने को तैयार बैठे हों। हील के लिए उसमें हड्डियों को तराशकर नुकीला बनाया गया था। सैंडिल पहनकर कानी चुड़ैल फूली न समा रही थी। पर हाई हील पहनकर चलने का उसे अभ्यास नहीं था। इसलिए वह रोज़ शाम को नदी किनारे पुल के ढाल को रैंप मानकर प्रैक्टिस करती थी।
आखिरकार कांटेस्ट का दिन आ गया। कानी चुड़ैल सज बनकर पहुँच
गई।
दूर-दूर से सैकड़ों चुड़ैलें कांटेस्ट में हिस्सा लेने आई
थीं। किसी ने बालों में हड्डी लगाकर जूड़ा बना रखा था तो कोई दाँतों की माला पहनकर
आई थी। किसी ने कानों में आँतों से बने सुंदर रिंग पहन रखे थे तो किसी ने हड्डियाँ
गूँथकर सुंदर हार बना रखा था।
सबको नंबर बाँट दिए गए। कानी चुड़ैल को सबसे आख़िरी नंबर मिला
क्योंकि वह अपना पूरा नाम ज़ेनेथ कानी लिखती थी। पर वह निराश नहीं हुई। उसने सोचा
आख़िरी नंबर होने की वजह से उसे पहले के प्रतियोगियों का कुछ अनुभव मिल जाएगा।
कई राउंड हुए, जिसमें शरीर की नाप-जोख से लेकर उनका पहनाव-ओढ़ाव, उनके बातचीत करने का तरीक़ा, उनके स्किल आदि का परीक्षण किया गया।
आख़िरी राउंड में सिर्फ छः सबसे भयानक चुड़ैलों को चुना गया। कानी चुड़ैल भी उनमें से एक थी। सामने कुछ अनुभवी और अपने-अपने क्षेत्रें के माहिर भूत और चुड़ैल जज बैठे हुए थे। एक-एक करके चुड़ैलें कैटवाक करती जातीं, जज उनसे प्रश्न पूछते फिर उन्हें पीछे कर दिया जाता।
अंत में कानी चुड़ैल की बारी आई। उसका नाम पुकारा गया तो वह
पूरे आत्मविश्वास के साथ कैटवॉक करती आगे बढ़ी। उसके साथ-साथ नीली रोशनी का एक गोला
भी साथ-साथ चल रहा था। कानी चुड़ैल ने अदा के साथ बाल झटके और स्टाइल से खड़ी हो गई।
पर इसी बीच एक गड़बड़ हो गई। कैटवॉक तो सब सामान्य था। सारे भूत-भूतनियाँ उसके
आत्मविश्वास और उसकी सुंदरता पर ख़ुशी से हड्डियाँ चटचटा रहे थे। पर जैसे ही वह बाल
झटककर अपनी जगह खड़ी हुई, उसकी सैंडिल
का हील टूट गया। असंतुलित होकर वह धड़ाम से नीचे गिर पड़ी। पूरे सभागार में दबी-दबी
हँसी फूट पड़ी। गंभीर बैठे जज भी मुस्करा उठे।
पर इसके बावजूद कानी चुड़ैल ने आत्मविश्वास नहीं खोया। उसने दोनों सैंडिलें उतारी और बेहद नज़ाक़त से एक ओर उछाल दी और एक बार फिर झुककर जजों का अभिवादन किया। बिगड़ी हुई बात फिर से जम गई। भीड़ फिर से हड्डियाँ चटचटाने लगी।
एक भयानक दिखनेवाली जज चुड़ैल ने कहा, ‘‘दिखने में तो सचमुच बहुत सुंदर लगती हो। बिखरे और उलझे हुए
रूखे बाल,
बड़े-बड़े दाँत, कोयले जैसा काला चेहरा, बाहर को निकली हुई लाल-लाल आँखें, लगता है भूतों के आक़ा ने तुम्हें फुरसत से सँवारा है।’’
कानी चुड़ैल ने कृतज्ञता से झुककर अभिवदन किया।
दूसरे जजों ने भी उस पर कमेंट किए और अपने सवाल पूछे।
सबसे अंत में एक बूढ़े और अनुभवी भूत ने, जो मोटा चश्मा लगाए अब तक चुपचाप बैठा था, बोला, ‘‘मिस
ज़ेनिथ,
एक चुड़ैल के जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य क्या है...?’’
कानी चुड़ैल ऐसा मुस्कराई कि उसके बड़े-बड़े नुकीले दाँत बाहर
निकल आए। वह बोली, ‘‘सर, हम भूत-चुड़ैलों के जीवन का एक ही उद्देश्य होता है कि हम
इंसानों की दुनिया में अपनी अहमियत बनाए रखें। इसके लिए सबसे ज़रूरी है डर। जिस दिन
इंसान का डर ख़त्म हो गया, उस दिन हम
भूत-चुड़ैलों का अस्तित्व मिट जाएगा। पर आज का इंसान ज्ञान-विज्ञान में बहुत आगे
है। वह जानता है कि हम उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। इसलिए उसने हमसे डरना छोड़ दिया
है। सिर्फ बच्चे हैं, जो आज भी हम
भी डरते हैं। मेरी कोशिश यही है कि बच्चों के मन में ऐसा डर भर दूँ और उन्हें पढ़ाई
से दूर कर दूँ कि वे हमारे नाम से भी डरें। अगर यह मिशन कामयाब हो गया तो आगे
आनेवाली इंसानों की एक पूरी पीढ़ी ऐसी होगी, जो हमारे नाम से, जादू-टोने और टोटके से डरती रहेगी। बच्चों को पढ़ाई से दूर
रखकर खेल-कूद और ऑन लाइन गेमों में उलझाना ही मेरा अंतिम लक्ष्य है। मुझे पता है
कि अज्ञान का दूसरा नाम ही डर है।’’
कानी चुड़ैल के उत्तर पर बहुत देर तक हड्डियाँ थपथपाई जाती
रहीं।
अब बारी कांटेस्ट के रिज़ल्ट की थी। जब बूढ़ा भूत रिज़ल्ट सुनाने के लिए खड़ा हुआ तो पूरे सभागार में सन्नाटा छा गया। बूढ़े भूत ने सबकी कमियाँ और अच्छाईयाँ गिनाईं और अंत में रिज़ल्ट की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘आज के इस चुड़ैल ब्यूटी कांटेस्ट की विजेता हैं मिस ज़ेनिथ कानी चुड़ैल...’’
कानी चुड़ैल ख़ुशी से उछल पड़ी। आज उसकी बहुत बड़ी इच्छा पूरी
हो गई थी। वह यह सोच-सोचकर कुप्पा हुई जा रही थी कि अब चुड़ैलों के समाज में उसे
सम्मान की दृष्टि से देखा जाएगा। वह इतना ख़ुश हुई कि नाचने लगी।
ब्यूटी कांटेस्ट जीतने की ख़ुशी में कानी चुड़ैल ने पुरानी
इमली के पेड़ पर एक दावत रखी है। उसने सबको बुलाया है। वैसे तो मेरा जाने मूड नहीं
है,
पर आपका इरादा बने तो बताइयेगा, मैं भी साथ चलूँगा।






No comments:
Post a Comment
बहुत बहुत शुक्रिया