Translate

Showing posts with label Bal Kahani. Show all posts
Showing posts with label Bal Kahani. Show all posts

Friday, 13 November 2026

पनडिब्बी

 


सारा बखेड़ा उस दिन से शुरू हुआ, जिस दिन दादामियाँ घर आए। दादामियाँ यानी हमारे दादाजान के बड़े भाई। वे रुके तो बमुश्किल आधा दिन, पर हमारे लिए कई दिनों की हलचल छोड़ गए।

पिछले कई दिनों से दादाजान से उनकी बात हो रही थी। ‘आऊँगा-नहीं आऊँगा’ बीच पूरा हफ्ता गुज़र गया था। किसी दिन कहते ‘ज़रूर आऊँगा। बहुत दिन हो गए तुम सबको देखे।’ पर अगले रोज़ उनका सुर बदल जाता-‘रऊफ और नन्हें तो जाएँगे ही, मैं भी साथ चला आऊँ तो घर पर कौन रहेगा?’

दरअसल, उनके पोते को सऊदी में नौकरी मिल गई थी। ख़ानदान का पहला शख़्स वतन से बाहर जा रहा था, इसलिए ख़ुशी भी थी और फ़िक्र भी। सबकी आँखें उसे सही-सलामत जाते देखने का सुकून चाहती थीं। दादामियाँ भी इसी पशोपेश में थे। ‘जाऊँ, न जाऊँ’ के बीच उनका इरादा गर्दिश कर रहा था। पर वे अपने दोनों बेटों के साथ लखनऊ गए और लौटते में घर भी आए।

आना तो ख़ैर उन्हें था ही। पर उम्मीद थी कि ऐशबाग़ में अपने दोस्त इस्माइल टिंबरवाले से मिलते हुए शाम तक आएँगे। दादाजान को भी बीच में फोन करने का ध्यान नहीं रहा। अभी साढ़े दस बजे थे और सुबह की चाय का ज़ायक़ा फीका भी नहीं पड़ा था कि उनका फोन आ पहुँचा।

दादाजान के चेहरे का रंग उड़ गया। पूरे घर में हड़बड़ी मच गई। यह उठा-वह रख। तख़त पर नई चादरें बिछाई जाने लगीं, घर का अल्लम-गल्लम पर्दों के पीछे छिपाया जाने लगा, झाड़ू की खरर-खरर गूँजने लगी।

‘‘जाले साफ करो, जाले,’’ दादाजान अपनी दुखती कमर लिए चिल्ला रहे थे। दादी उन्हें कमरे में जाकर लेटे रहने की हिदायत दे रही थीं कि दर्द फिर से न उखड़ आए। पर दादाजान इतने बेचैन थे कि अब्बी के हाथों से लग्गी खींच लेने को उतारू थे।

घर का हंगामा अपनी अधूरी राह में ही था कि दरवाज़े पर इन्नोवा का हॉर्न बज उठा।


‘‘आ गए...आ गए...भाईजान की ही गाड़ी है।’’ दादाजान बदहवास चेहरा लिए बोले।

दादामियाँ ही थे। लंबे सफर के बावजूद वे लकदक कुर्ते-पाजामे में गाड़ी से उतरे। उनके पीछे-पीछे दोनों बेटे और एक पोता भी घर में दाखिल हुआ। दादाजान लपककर गले लगे।

सलाम-दुआ के बाद दादाजान को देखते ही तपाक से कहने लगे, ‘‘अमाँ मियाँ, ये क्या हाल बना रखा है?’’

‘‘कुछ नहीं भाईजान, सब ठीक है, सब ठीक है। मज़े में हूँ, सब ठीक है।’’ दादाजान अपनी बातों को इस तरह दुहरा रहे थे, जैसे अल्फ़ाज़ चुक गए हों। हमेशा तुर्रम बने रहनेवाले चिड़चिड़े दादाजान को इस तरह देखना घरवालों के लिए हैरत भरा था।

‘‘क्या ठीक है? तुम्हारा चेहरा तो ऐसा हो गया है कि बग़ल खड़ा होऊँ तो लोग तुम्हें बड़ा भाई कह दें। हालत सुधारो। बालों में मेहंदी लगा लिया करो। हफ्ते-दो हफ्ते में दाढ़ी तराशवा लिया करो। एकदम बीमारों जैसा हाल बना रखा है।’’ दादामियाँ अँगुली रगड़कर धूल देखते हुए कुर्सी पर बैठ गए और बोले, ‘‘ख़ैर, कमर का दर्द कैसा है?’’

दादाजान तो जैसे कमर का दर्द भूल ही चुके थे। तखत के किनारे सिमटे-सकुचाए बैठते हुए बोले, ‘‘ठीक है भाईजान। अब इतनी राहत है कि थोड़ा-बहुत चल-फिर लेता हूँ।’’

‘‘अमाँ यार...’’ दादामियाँ  कुर्सी की टेक लेते हुए झुँझलाहट से बोले, ‘‘हड्डी-गुड्डी का सालन पियो, गोंद के लड्डू बनवाकर खाओ। मुझे देखो कमोबेश तुमसे छः साल बड़ा होऊँगा। कमर दर्द तो क्या, सिर दर्द भी पास आते घबराता है। लगता है सलमा तुम्हारे खाने-पीने का ध्यान नहीं रखतीं।’’

‘‘अरे नहीं भाईजान, मैं तो कहते-कहते थक जाती हूँ, ये ही कुछ नहीं खाते’’ दादी ने पर्दे की ओट से सफाई दी।

दादामियाँ ठहाका लगाकर हँस पड़े। तब तक गुड्डन पानी की ट्रे ले आई थी। दादाजान उसे खा जानेवाली निगाहों से घूर रहे थे क्योंकि ट्रे के नीचे प्याज़ का छिलका चिपका दिख रहा था। कहीं सलीक़ा पसंद दादामियाँ ने देख लिया तो?


ख़ैर उन्होंने नहीं देखा या देखकर भी नज़रअंदाज़ किया, कौन जाने? नफ़ासत से गिलास उठाया और दो-तीन घूँट पीकर वापस रखते हुए बोले, ‘‘कैसी हो बेटा, इंटर तो हो गया होगा?’’

‘‘जी, ग्रेजुएशन भी कम्प्लीट हो गया। एम.एससी. में एडमीशन लिया है।’’ गुड्डन सिर पर बमुश्किल दुपट्टा सँभालते हुए बोली।

‘‘माशाअल्लाह...’’ दादामियाँ ने दुआ के लिए हाथ बढ़ाया तो गुड्डन ने सिर आगे कर दिया, ‘‘हमारी बिटिया इतनी बड़ी हो गई! ख़ूब पढ़ो-लिखो, क़ौम की खिदमत करो। अल्लाह ख़ूब तरक़्क़ी दे, ख़ुश रखे।’’

गुड्डन दुआ पाकर निहाल होते हुए वापस लौटी।

‘‘और हाँ,’’ पीछे से उन्होंने आवाज़ दी, ‘‘अम्मी से कहना खाना मत बनाएँ हम लोग थोड़ी देर में निकलेंगे। घर पर बहुएँ अकेली हैं।’’

‘‘ऐसा कैसे हो सकता है भाईजान।’’ दादाजान मिनमिनाए, ‘‘इतने दिन बाद आए हैं। दो-एक दिन तो रुकिए ही।’’

दादामियाँ कुछ नहीं बोले। बस, सुनहरी चेनवाली कलाई घड़ी पर नज़र डाली और बोले, ‘‘रऊफ, नन्हे, यहाँ से ऐसा निकलेंगे कि मग़रिब से पहले घर पहुँच जाएँ।’’

ख़ैर, दोपहर का खाना हुआ। दादामियाँ ने सब बच्चों और बहुओं को रुपए बाँटे और सबसे विदा लेकर गाड़ी में जा बैठे। पल भर में गाड़ी गलियारा पार कर गई।

बस, सारे हंगामे की शुरुआत यहीं से हुई।

दादामियाँ के जाते ही दादाजान बोले, ‘‘भाईजान के सामने आज भी हालत ख़राब हो जाती है। अब्बा के गुज़र जाने के बाद वही तो हमारे बुज़ुर्ग हैं।’’ कहते-कहते उन्होंने दादी की तरफ हाथ बढ़ाया, ‘‘अच्छा अब पान की डिबिया लाओ। जाने कहाँ छिपा दी। भाईजान के लिहाज में सुबह से नहीं खाया। मुँह फीका हो रहा है।’’

‘‘मुझे क्या पता। आपने ही कहीं रखी होगी।’’ दादी सिर से सरकाकर दुपट्टा गले में डालती हुई बोलीं।

दादाजान तड़प उठे, ‘‘अरे, साफ-सफाई तुम लोगों ने की। मैंने तो कुछ छुआ भी नहीं।’’

वह बेचैनी से इधर-उधर अपनी डिबिया तलाशने लगे।

‘‘अपने कमरे के पास किसी को आने भी देते हैं? कोई क्यों छुएगा आपकी पनडिब्बी?’’

‘‘सफाई तो तुम्हीं लोगों ने की थी।’’ दादाजान बेचारगी से चिल्लाए।

गुड्डन और अब्बी को बुलाया गया, जिनका आज की साफ-सफाई में सबसे अहम रोल था।

‘‘हमने तो चादर हटाकर नई चादर बिछा दी थी बस। हमें तो कुछ भी नहीं दिखा।’’ दोनों ने बताया।

तब तक दादी गुसलखाने में पड़ी चादर उठा लाईं और झाड़ते हुए बोलीं, ‘‘इसमें भी नहीं है।’’

‘‘पान की डिबिया है, कोई सुई नहीं,’’ दादाजान झल्लाकर बोले।

दादी भुनभुनाते हुए चली गईं, ‘‘एक तो मदद करो ऊपर से बातें भी सुनो। यही ज़माना है।’’

शक की सुई अब सिराज और शिब्बू पर घूमी। ज़रूर खेल के चक्कर में उठा ले गए होंगे। जब वह ‘खट्ट’ से खुलती है और ‘चट्ट’ की आवाज़ करते हुए बंद होती है तो बड़ा मज़ा आता है। लेकिन उन दोनों ने भी मासूमियत से इनकार कर दिया। उनकी शक्लों को देखकर भी लगता था कि ये काम उनका नहीं होगा। फिर भी दादाजान ने गुड्डन को पीछे लगाया कि उनके खिलौनों की टोकरी की तलाशी ले।

दादाजान की सुई घूम-फिरकर फिर दादी पर अटक गई, ‘‘पक्का यही होंगी। मेरे पान खाने से इन्हीं को दिक़्क़त है। इधर न थूको, उधर न खँखारो। जब देखो तब टोका-टाकी।’’

दादी तैश में कमरे से लपकती आईं, ‘‘मौलवी की बेटी हूँ। रखना-उठाना तब न किया जब बच्ची थी, अब आख़िरी वक़्त में क्या आिक़बत बिगाड़नी है।’’

सारी खोजबीन के बाद भी पान की डिबिया न मिली। मुरादाबादी पीतल की चमचमाती डिबिया दादाजान कभी किसी की बारात में मुरादाबाद गए थे, तो लाए थे। घर पर कोई पान खाता नहीं था। दादी पीक से होनेवाली गंदगी के सख़्त खिलाफ़ थीं। इसलिए गिल्लू की गुमटी से सुबह ही उनके लिए पान लगकर आ जाते थे। दादाजान एक-एक बीड़ा डिबिया में बिछे तर मलमल पर सहेजकर रखते और इत्मीनान से खाते रहते।

डिबिया आख़िर गई कहाँ...? यह घरवालों के लिए भी बड़ा सवाल था।

दादाजान की ख़ुशनूदी हासिल करने के लिए सब डिबिया ढूँढने में लग गए। दादी ख़ुद भी बेचैनी से लगी हुई थीं क्योंकि क़समें खा लेने के बावजूद दादाजान का सारा शक उन्हीं पर था। अब्बू, जिन्हें काहिल और नाकारा का खिताब हासिल था, वे भी इस मुहिम का हिस्सा बने हुए थे। डिबिया खोजकर अपनी लियाक़त साबित करने का इससे बेहतर मौक़ा दूसरा नहीं था।  

लेकिन घर भर की कोशिशों के बाद भी पान की डिबिया नहीं मिली। अब्बू बाज़ार से एक नई डिबिया लेकर आए, पर दादाजान ने उसकी तरफ़ देखा तक नहीं।

कुछ दिनों बाद की बात है। एक दिन दादाजान ने गद्दे को सही करते हुए यों ही नीचे हाथ फिराया कि उनका जी धक से रह गया। एक पुराने फिल्मी रिसाले में लिपटी पान की डिबिया गद्दे के नीचे दबी थी। पुरानी बातें एकाएक रील की तरह दिमाग़ में घूम गईं। दादामियाँ  का फोन पाते ही हड़बड़ी में रिसाला उठाकर गद्दे के नीचे दबा दिया था। दादामियाँ देख लेंगे तो क्या कहेंगे? हड़बड़ी में ख़बर भी न हुई कि रिसाले के भीतर पान की डिबिया रखी है।

डिबिया हाथ में लिए वे हैरत और शर्मिंदगी से टुकुर-टुकुर ताक रहे थे। डिबिया को लेकर इतना तिल का ताड़ बन चुका था कि किसी को बताने की हिम्मत नहीं हो रही थी।

दादाजान ने इधर-उधर नज़र घुमाई। आस-पास कोई नहीं था। उन्होंने पान की डिबिया को नज़र भर देखा, मुहब्बत से हाथ फिराया और हाथ बढ़ाकर डिबिया को और गहराई में दबा दिया। उस दिन के बाद उन्होंने फिर कभी पान की डिबिया के बारे में चर्चा नहीं की।

घरवालों के लिए आज भी यह राज़ है कि पान की डिबिया आख़िर गई कहाँ?


Sunday, 11 October 2026

कौए को काला रंग पसंद है

कौआ पेड़ की डाल पर चुपचाप बैठा था। उसके काले-चमकीले पंख धूप में चमक रहे थे। पर उसे अपने पंखों का काला रंग पसंद नहीं था। इसलिए वह उदास था।


तभी बग़ल की डाल पर एक गौरैया आकर बैठ गई। पहले तो कौए ने उधर ध्यान नहीं दिया। पर जब एकाएक उसकी नज़र गौरैया के पंखों पर पड़ी तो वह चौंक पड़ा। उसके पंखों में गुलाबी रंग लगा हुआ था। कौआ हँस पड़ा। 

‘‘अरे तुम्हारे पंखों को क्या हुआ?’’

गौरैया ने उदासी से मुँह लटका लिया।

कौआ उसके क़रीब सरक आया और हैरानी से बोला, ‘‘तुम इसे साफ क्यों नहीं कर लेतीं?’’

गौरैया उदासी से बोली, ‘‘मैंने बहुत कोशिश की। धूल में लोट-पोट मचाई। पोखर में छपछैया की। पर जाने कैसा रंग है, छूटता ही नहीं। अब तो इन पंखों के झड़ने का इंतज़ार कर रही हूँ, तभी इससे छुटकारा मिलेगा।’’

‘‘पर ये रंग लगा कैसे?’’


‘‘दरअसल---’’ गौरैया बताने लगी, ‘‘तुम्हें तो पता ही है कि मैं इंसानों के बीच रहना पसंद करती हूँ। एक दिन मैं एक घर की मुँडेर पर बैठी थी। मुझे आँगन में कुछ दाने पड़े दिखाई दिए। भूख तेज़ लगी थी। मैंने आव देखा न ताव और दानों पर झपट पड़ी। पर जैसे ही मैंने चोंच मारी कि ‘खट’ की आवाज़ हुई और चारों तरफ अँधेरा छा गया।’’

‘‘अरे---!’’ कौआ हैरानी से बोला।

‘‘हाँ, दरअसल कुछ शरारती बच्चों ने एक डलिया को लकड़ी के सहारे टिका रखा था और लकड़ी को रस्सी से बाँधकर छिप गए थे। मैं दानों के चक्कर में जैसे ही अंदर पहुँची कि उन्होंने रस्सी खींच ली और मैं डलिया के अंदर बंद हो गई। फिर वे मुझे पकड़कर बहुत देर खेलते रहे। जब मन भर गया तो मेरे पंखों पर रंग लगाकर छोड़ दिया।’’

‘‘पर उन्होंने ऐसा क्यों किया?’’ कौए ने हैरानी से पूछा।

‘‘वे कह रहे थे कि मैं जहाँ कहीं उड़ती दिखूँगी तो वे मुझे पहचान लेंगे।’’


गौरैया अपनी कहानी बताकर चली गई।

तभी दो कबूतर उड़कर उधर आ बैठे। उनमें एक के माथे पर नीला और दूसरे के लाल रंग का धब्बा लगा हुआ था। 

‘‘क्या तुम्हें भी शरारती बच्चों ने पकड़ लिया था?’’ कौए ने उत्सुकता से पूछा।

‘‘नहीं तो,’’ दोनों कबूतर एक साथ बोले।

‘‘तो फिर तुम्हारे माथे पर रंग कैसे लगा हुआ है?’’

‘‘यह तो हमारे मालिक ने लगाया है ताकि वे हमें पहचान सकें।’’ लाल धब्बेवाले कबूतर ने उदासी से बताया।

‘‘हम दोनों पक्के दोस्त हैं। पर बड़ी मुश्किल से मिल पाते हैं। हम दोनों के मालिक अलग हैं। वे हमें मिलने ही नहीं देते।’’ नीले धब्बेवाले कबूतर ने लंबी साँस लेते हुए कहा।

‘‘चलो, अब अपने दड़बे में वापस लौटने का समय हो गया है। वर्ना हमारे मालिक हमें ढूँढते हुए यहाँ भी आ पहुँचेंगे।’’


यह कहते हुए दोनों कबूतर अपने पंखों से ‘सन्-सन्-सन्’ आवाज़ें निकालते हुए वापस चले गए।

कबूतरों के जाते ही एक बगुला हाँफता हुआ उधर आ निकला। उसके पंखों पर कीचड़ और काई जमी हुई थी। 

कौए ने पुकारकर कहा, ‘‘बगुले भाई, तुम्हारे पंख कैसे गंदे हो गए?’’

बगुला उबासी लेता हुआ बोला, ‘‘मैं दिन भर काई भरे कीचड़-पानी में रहता हूँ। बिना हिले-डुले चुपचाप खड़े रहने से पंखों पर गंदगी चढ़ जाती है। इसीलिए मेरे पंख गंदे रहते हैं।’’

‘‘लेकिन पानी से धोने पर यह साफ भी तो हो सकती है।’’ कौए ने कहा।


‘‘हाँ, पर कीचड़ में घुसने पर फिर लग जाती है। इसलिए मैं इसे साफ करने की तरफ ध्यान ही नहीं देता।’’ कहकर बगुला उदासी से हँसा और वहाँ से चला गया।

कुछ ही देर में वहाँ सतभैये आकर चहचहाने लगे। कौए ने ध्यान से देखा तो एक का रंग बिल्कुल पीला हो रहा था। कौए ने सोचा शायद वह इन सबका लीडर होगा। 

लेकिन जब कौए ने पूछा तो उसने बताया, ‘‘एक बार हम लोग एक घर के आँगन में उछल-कूद मचा रहे थे। आँगन में खाने-पीने की चीजं़े सूखने को रखी थीं। हल्दी का पाउडर भी रखा था। अचानक एक बिल्ली हम पर झपट पड़ी। बिल्ली का हमला देखकर सब तो भाग लिए पर मैं हड़बड़ी में हल्दी के टोकरे में जा गिरा। वह दिन है और आज का दिन, पंखों से यह रंग उतरता ही नहीं।’’

उसकी बात पर चहचहा रहे सतभैये चुप हो गए। 


फिर उनमें से एक ने कौए के पंखों की ओर देखते हुए कहा, ‘‘लेकिन तुम्हारे पंखों का रंग सबसे अच्छा है। काले रंग पर कोई दूसरा रंग चढ़ ही नहीं सकता।’’

‘‘हाँ, मुझे अपना काला रंग पसंद है।’’

कौए ने कहा और ख़ुशी से अपने पंख फैला दिए। उसके पंखों पर सुनहरी धूप चमकने लगी।

  


Monday, 28 September 2026

किच्चू जादूगर है

 

 

‘‘सुनो, सब सुनो, पता है, किच्चू को जादू आता है...’’ पापा ने कहा। वह मंद-मंद मुस्करा रहे थे।
मम्मी रसोई में थीं। निकलकर आईं और बोलीं
, ‘‘अच्छा...! मैं तो समझती थी किच्चू को सिर्फ गुस्सा करना आता है।’’
‘‘हाँ, मैं भी यही सोचती थी किच्चू को बस जिद करना आता है।’’ दादी ने भी कहा।
‘‘अरे, कहाँ, किच्चू को सिर्फ रूठना आता है।’’ चाचू हँसते हुए बोले।
‘‘नहीं-नहीं, किच्चू को तो बस रोना आता है। ऊँ...ऊँ...ऊँ’’ चिक्की ने चिढ़ाते हुए कहा।
‘‘मेरी बात का यकीन करो। किच्चू अच्छा जादूगर है।’’ पापा ने जोर देकर कहा।
‘‘लेकिन कैसे?’’ सबने हैरानी से पूछा।
पापा की बात पर किच्चू खुद हैरान था। उसे भी समझ में नहीं आ रहा था। उसने भला कौन-सा जादू कर दिखाया
?
पापा बोले, ‘‘चिक्की, तुमने सुबह किच्चू को एक पेंसिल दी थी। सुनहरे रंगवाली। याद है न? किच्चू ने उसे दो पेंसिलों में बदल दिया।’’
पापा ने दोनों हाथ आगे किए। उनके पास सचमुच दो सुनहरी पेंसिलें थीं।
सब हैरत में पड़ गए।

‘‘पर किच्चू ने ये जादू कैसे किया?’’ दादा जी ने हैरान होकर पूछा।
‘‘ये तो किच्चू ही बता पाएगा।’’ पापा हँसते हुए बोले।
अब किच्चू को सारा मामला समझ में आया। थोड़ी देर पहले वह होमवर्क कर रहा था। बार-बार गलती हो रही थी। उसे गुस्सा आ गया। उसने गुस्से में पेंसिल के दो टुकड़े कर दिए। पापा यह देख रहे थे। उन्होंने दोनों टुकड़े शार्प कर दिए। दोनों टुकड़े छोटी-छोटी पेंसिलें बन गईं। पर यह बात सिर्फ किच्चू और पापा ही जान रहे थे।
तभी दादा जी बोले
, ‘‘मुझे एक और चश्मे की जरूरत है। मैं अपना चश्मा इधर-उधर रखकर भूल जाता हूँ। मेरे पास दो चश्मे हो जाएँगे तो बढ़िया रहेगा। मैं किच्चू से एक चश्मे से दो करवा लेता हूँ।’’
‘‘अरे, नहीं...मुझे जादू नहीं आता।’’ किच्चू शर्म से लाल हो गया और वहाँ से भाग गया।
 

Tuesday, 15 September 2026

चार व्यापारी

 



चार व्यापारी थे। लालचंद, मालचंद, तालचंद, और बालचंद। चारों एक से बढ़कर एक बड़बोले। कोई एक गप्प छेड़ता तो दूसरा उससे दोगुनी गप्प हाँकने लगता।

एक बार चारों व्यापारी बैलगड़ियों पर सामान लादकर व्यापार के लिए शहर चले। रास्ते में रात हो गई। बारिश का मौसम था। आसमान में बादल छाए हुए थे। चारों ने एक पेड़ के नीचे रुककर रात बिताने का विचार किया। उन्होंने साथ लाया भोजन किया और आग जलाकर बैठ गए।

उन दिनों चोर और ठग भी घात लगाए घूमा करते थे। इसलिए व्यापारियों ने रात जागकर बिताने का इरादा किया। लेकिन दिन भर थके होने के कारण वे जल्दी ही ऊँघने लगे। लालचंद, जो उन चारों में बड़ा और अनुभवी था, सोचने लगा अगर सब सो गए तो चोरी होने का ख़तरा रहेगा। आखिर इन सबको जगाए कैसे रखा जाए।

तभी हल्की-हल्की बूँदें पड़ने लगीं। सब दौड़कर अपनी-अपनी गाड़ियाँ ढँकने लगे। लालचंद कुछ सोचकर कहने लगा, ‘‘आज अगर मेरे परदादा जीवित होते तो हमें भीगने की चिंता न करनी पड़ती।’’

बाकी व्यापारी उसकी बात पर चौंक पड़े और बोले, ‘‘अच्छा...! वह कैसे?’’

लालचंद बोला, ‘‘उनके पास बहुत बड़ी छतरी थी। इतनी बड़ी कि उसके नीचे हमारा पूरा गाँव भीगने से बच जाता था। न गलियों में कीचड़ होता, न फिसलन। घनघोर बारिश में भी गाँववालों के काम हमेशा की तरह चलते रहते थे।’’

मालचंद ने हँसकर कहा, ‘‘लेकिन तुम्हारे परदादा की छतरी से हमें कोई लाभ नहीं होनेवाला था। यहाँ चारों तरफ पेड़-पौधे और जंगल-झाड़ियाँ हैं। इसलिए छतरी खोलना मुश्किल हो जाता। कँटीली झाड़ियों में उलझकर छतरी फट जाती।’’


‘‘तो क्या तुम्हारे परदादा के पास ऐसी कोई तरकीब थी, जिससे वे हमें बारिश से बचा सकते?’’ लालचंद ने उकसाते हुए पूछा।

‘‘हाँ, हाँ क्यों नहीं,’’ मालचंद कम बड़बोला नहीं था। उसने बात बनाते हुए कहा, ‘‘मेरे परदादा बहुत बड़े पहलवान थे। उनकी लंबाई 12 गज से थोड़ी ही कम रही होगी। मूँछें इतनी बड़ी-बड़ी थीं कि उन पर दो आदमी झूला झूल लें। कुर्ता सिलने के लिए चार दज़ीर् लगते थे। पगड़ी इतनी बड़ी कि उतारकर रख देते तो गाँव भर के बच्चे उसमें उछलते-कूदते थे। रोज सुबह कसरत करते और चार बाल्टी ताज़ा दूध पीते थे। चलते तो धरती ‘धम्म-धम्म’ हिलती थी।’’

‘‘लेकिन बात तो बारिश की हो रही थी।’’ लालचंद ने हँसकर कहा।

‘‘हाँ, हाँ, बता तो रहा हूँ,’’ मालचंद बोला, ‘‘जब कभी बारिश होती तो मेरे परदादा ऐसी फूँक मारते कि बादल तितर-बितर हो जाते। हमारे गाँव में तो कभी बारिश होती ही नहीं थी।’’

बालचंद हँस पड़ा, ‘‘तब तो तुम्हारे गाँव में सूखा पड़ता रहा होगा। तुम्हारे परदादा गाँव में पानी गिरने ही न देते होंगे।’’

उसकी बात सुनकर सब हँस दिए।

मालचंद बोला, ‘‘अरे नहीं, उनके पास एक लंबी छड़ी थी, जिससे वह बादलों को खींच लाते थे। एक बार ख़ूब गर्मी पड़ी। लोग पसीने से बेहाल हो गए। परदादा को आसमान में कहीं बादल का एक टुकड़ा दिख गया। बस उन्होंने उसे पकड़कर रस्सी से बाँध दिया। बेचारा हफ्ऱतों पतंग की तरह फड़फड़ाता रहा।’’


यह सुनकर तालचंद से न रहा गया। बोला, ‘‘मेरे परदादा बारिश तो नहीं रुकवा सकते थे, पर थे ऐसे कि उनकी चर्चा हर कहीं थी।’’

‘‘अच्छा, ऐसा क्या ख़ास था उनमें?’’ सब हैरानी से बोले।

‘‘उनके बाल इतने लंबे और घने थे कि वे कभी बिस्तर नहीं बिछाते थे। अपने बालों का नरम गद्दा बिछाकर कहीं भी लेट रहते थे। ओढ़ने के लिए कभी कंबल या रज़ाई की भी ज़रूरत नहीं पड़ती थी। दाढ़ी इतनी लंबी और घनी थी कि पूरा शरीर ढक जाता था। बच्चे लुका-छिपी खेलते समय अक्सर उनकी दाढ़ी या बालों के पीछे छिप जाते थे। पर एक बार किसी वजह से उन्हें दाढ़ी मुड़वानी पड़ी। उनकी दाढ़ी में दो-चार किताबें, एक रेडियो, चार गिलास और एक चिड़िया का घोंसला निकला। काग़ज के टुकड़ों, पन्नियों और सूखे पत्तों की तो गिनती ही नहीं। गाँववाले कहने लगे कि उन्हें बाल भी मुड़वाने चाहिए। पर वे इसके लिए तैयार नहीं हुए।’’

तालचंद की बात सुनकर सब हँसने लगे।


अब बारी बालचंद की थी। वह भला पीछे कैसे रहता? उसने खाँस-खँखारकर कहना शुरू किया, ‘‘बात चली है तो मैं कह देता हूँ। मेरे परदादा खाने-पीने के शौकीन थे। जब तक जागते रहते कुछ न कुछ खाते ही रहते। पेट इतना बड़ा था कि आठ लोग हाथ फैलाकर नापें तो भी मुश्किल हो। हाथ इतने भारी कि किसी के कंधे पर रख दें तो उसका राम-नाम सत्य हो जाए। वजन इतना कि चलते तो धरती पर गड्ढे हो जाते। जब वे घूमने निकलते तो पूरी सड़क जाम हो जाती। डुग्गी पिटवाकर लोगों के आने-जाने का रास्ता बदलवाना पड़ता। धूप से बचने के लिए लोगों की भीड़ अक्सर उनकी छाया में घूमा करती थी। उन्हें नहलाना...बाप रे बाप! पूरी मुसीबत थी। पूरा गाँव जुटता था। दो आदमी कंधे पर खड़े होकर बाल्टियाँ उलीचते थे। चार लोग सीढ़ियाँ लगाकर पीठ मलते थे। दुकान का सारा साबुन शरीर मलने में ही खप जाता था।’’

‘‘तब तो उन्हें तालाब जाकर नहाना चाहिए था। तुम लोगों की मेहनत बचती।’’ लालचंद ने कहा।

‘‘अरे नहीं, एक बार वे तालाब में नहाने जा घुसे थे। तालाब का सारा पानी उछलकर गाँव में फैल गया। रास्ते किचकिच हो गए। गाँव की औरतें चिल्लाने लगीं। तब से उन्हें गाँव के बाहर मैदान में बैठकर नहलाया जाने लगा।’’


‘‘तुम्हारी परदादी तो परेशान रहती होंगी। उनके लिए खाना बनाना तो बहुत मुश्किल काम रहा होगा?’’ लालचंद ने पूछा।

‘‘अब परदादी की याद दिला दी है तो उनका कमाल भी सुन लो,’’ बालचंद बताने लगा, ‘‘मेरी परदादी के कान इतने निराले थे क्या बताऊँ। मंद से मंद आवाज़ भी सुन लिया करते थे। जब परदादा बाहर से लौटते तो कोस भर पहले से क़दमों की आवाज़ सुन लिया करती थीं। एक बार चार चोर जंगल में बैठे चोरी की योजना बना रहे थे कि परदादी ने उनकी फुसफुसाहट सुन ली। फौरन कोतवाल को ख़बर कर दी। चारों पकड़े गए। परदादी का ख़ूब नाम हुआ। उन्हें इनाम भी मिला।’’ 

‘‘ये तो कुछ भी नहीं,’’ लालचंद ने बात काटकर कहा, ‘‘मेरी परदादी की आँखें इतनी तेज़ थी कि दीवार के पार भी देख लेती थीं। वह जमीन देखकर ही बता देतीं कहाँ पानी आसानी से मिल सकता है? कुआँ कहाँ खुदवाना चाहिए? उन्होंने ज़मीन में दबे अनेक खनिजों का पता सरकार को बताया। सरकार ने उन्हें बुलाकर सम्मानित भी किया था।’’

तब मालचंद बोला, ‘‘मेरी परदादी की कहानी भी कम मज़ेदार नहीं है। उनकी एक ख़ास बात थी कि वह सबके मन की बात जान लिया करती थीं। आदमी ही नहीं वह पशु-पक्षियों के मन की बात भी पढ़ लेती थीं। लेकिन घर के बच्चे बड़ा परेशान रहते थे। कभी कोई शरारत सोची नहीं कि वह छड़ी टेकती आ खड़ी होतीं।’’

तालचंद ने भी कहानी गढ़ी, ‘‘मेरी परदादी के पास एक जादुई डिबिया थी। उसमें जो कुछ भी डालो, वह उससे कई गुना होकर बाहर निकलती थी। दादा जी तब छोटे थे। एक बार डिबिया उनके हाथ लग गई। उन्होंने डिबिया खोलकर देखी तो उसमें धूल जमी थी। सोचा फूँक मारकर साफ कर दें। फूँक मारना था कि मुसीबत आ गई। हवा का ऐसा बवंडर उठा कि घर की सारी चीज़ें गोल-गोल नाचने लगीं। कोई दीवार से टकराया, कोई खंभे से। पूरे घर में धूल ही धूल। परदादी ने बड़ी मुश्किल से डिबिया बंद की, तब कहीं जाकर बवंडर थमा।’’


बातें चल ही रही थीं कि लालचंद चहककर बोला, ‘‘अरे देखो, पूरब से उजाला फूटने लगा है। रात बीत चली है। अब हम लोगों को आगे चलने की तैयारी करनी चाहिए।’’

सब अपनी-अपनी गाड़ियाँ सँवारने लगे।

मालचंद बोला, ‘‘आज तो बड़ा मज़ा आया। रात कैसे बीत गई पता ही नहीं चला।’’

‘‘पता कैसे चलता?’’ लालचंद हँसकर बोला, ‘‘सबकी गप्पें थी हीं इतनी मज़ेदार।’’

लालचंद की बात समझकर सब हँस पड़े और ख़ुशी-ख़ुशी आगे की यात्र पर बढ़ चले।



Thursday, 10 September 2026

दोरजी और चट्टान

 


दोरजी एक पहाड़ी पर रहा करता था। वह अकेला था। बचपन में हुई एक दुर्घटना में उसने एक पैर गँवा दिया था। इसलिए कहीं आने-जाने में उसे बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। वह अपने खेतों में साग-सब्जि़याँ उगाकर गुज़ारा करता था। उसकी झोपड़ी के ठीक सामने एक बड़ी-सी चट्टान पड़ी थी, जिसकी वजह से उसे अपने खेतों तक घूमकर जाना पड़ता था। इसमें उसका काफी समय बर्बाद होता था। वह अक्सर सोचता कि यह चट्टान न होती तो वह झोपड़ी में बैठे-बैठे अपने खेतों की निगरानी कर सकता था। पर उसे हटा पाना उसके बस की बात नहीं थी।


एक दिन दोरजी ने पानी भरे बादल से कहा, ‘‘बादल, ओ बादल, क्या तुम मेरी मदद कर सकते हो?’’

‘‘कैसी मदद?’’ बादल ने पूछा।

‘‘तुम अपनी ताक़त से बड़ी-बड़ी चीज़ें बहा ले जाते हो। बिजली गिराकर बड़े-बड़े पहाड़ों को चकनाचूर कर सकते हो। क्या तुम यह अदना-सी चट्टान बहाकर घाटी में नहीं फेंक सकते?’’

बादल हँस पड़ा। उसके हँसने पर ऐसी गर्जना हुई कि पहाडि़याँ काँप उठीं। उसने कहा, ‘‘मैं तुम्हारी झोपड़ी को बहा सकता हूँ_ तुम्हारे खेतों को भी तहस-नहस कर सकता हूँ_ पर इस चट्टान को बहा पाना मेरे बस का नहीं।’’

दोरजी निराश नहीं हुआ। उसने हवा को रोका।

‘‘हवा, ओ हवा, क्या तुम मेरी मदद कर सकती हो?’’

‘‘कैसी मदद?’’ बड़े-बड़े पेड़ों को झुकाती जा रही हवा एकाएक ठहरकर बोली।

‘‘तुम अपनी ताक़त से धरती की गहराई में गड़े पेड़ों को उखाड़ देती हो, बड़ी-बड़ी चीज़ों को तिनके की तरह फूँक मारकर उड़ा सकती हो। क्या तुम इस चट्टान को उड़ाकर घाटी में नहीं फेंक सकतीं?’’

हवा ज़ोर से हँस पड़ी। उसके हँसने से ऐसा बवंडर उठा कि आस-पास के पेड़-पौधे बेचैन हो उठे। उसने कहा, ‘‘मैं अपनी ताक़त से तुम्हारी झोपड़ी को उड़ा सकती हूँ, तुम्हारे खेतों के एक-एक पौधे को बर्बाद कर सकती हूँ_ पर इस चट्टान को उड़ा पाना मेरे बस का नहीं है।’’

अबकी दोरजी ने सूरज से कहा, ‘‘सूरज, ओ सूरज, क्या तुम मेरी मदद कर सकते हो?’’

‘‘कैसी मदद?’’ सूरज ने कहा।

‘‘तुम्हारे भीतर आग भरी हुई है। इस आग से तुम सब कुछ खाक कर सकते हो। क्या तुम यह अदना-सी चट्टान अपने ताप से नहीं पिघला सकते?’’

सूरज हँसा तो आग ऐसा लपलपाई कि आस-पास उड़ रहे पक्षियों के पंख झुलस गए। उसने कहा, ‘‘प्यारे, मैं अपनी आग से तुम्हारी झोंपड़ी तो जला सकता हूँ_ खेतों को बंजर बना सकता हूँ_ पर इस चट्टान को पिघला पाना मेरे बस का नहीं।’’

दोरजी आखि़री उम्मीद लेकर धरती से बोला, ‘‘धरती, ओ धरती, क्या तुम मेरी मदद कर सकती हो?’’

‘‘कैसी मदद?’’ धरती ने अलसाकर पूछा।

‘‘तुम्हें जब ग़ुस्सा आता है तो बड़े-बड़े महलों को अपने भीतर समा लेती हो_ ऊँची-ऊँची मीनारें धूल में लोट जाती हैं_ क्या तुम इस अदना-सी चट्टान को अपने भीतर नहीं समा सकतीं?’’

धरती शांत रही। कुछ सोचने के बाद उसने कहा, ‘‘देखो, मैं अपने क्रोध से तुम्हारी झोपड़ी तो ग़र्क कर सकती हूँ_ खेतों को निगलकर तालाब बना सकती हूँ_ पर इस चट्टान को हटा पाना मेरे बस का नहीं।’’

हर कहीं से नाउम्मीद हो जाने के बाद भी दोरजी निराश नहीं हुआ। बल्कि उसे अंदर ही अंदर ग़ुस्सा आ रहा था। वह थोड़ी देर तक बैठा सोचता रहा। उसके नथुने फड़कते रहे और माथे पर लकीरें उभरती रहीं। फिर एकाएक वह उठ खड़ा हुआ। उसने अपनी बैसाखी एक ओर फेंकी और चट्टान को पूरी ताक़त लगाकर धकेलने लगा। उसका चेहरा लाल हो गया। बाहों की मछलियाँ फूल उठीं, पिंडलियों की नसें पुराने पेड़ के जड़ों-सी उभर आईं।

सूरज अपनी पूरी आग के साथ दहक रहा था, हवा थपेड़े मारकर बह रही थी, दूर कहीं बादल का टुकड़ा मंडरा रहा था। पर दोरजी इन सबसे बेखबर धरती पर पैर जमाए चट्टान को धकेल रहा था।

दोरजी का साहस देखकर सूरज डर गया। उसने दोरजी की मदद के लिए अपना ताप बढ़ा दिया। उसके ताप से हवाएँ गर्म होकर थपेड़े मारने लगीं। हवाएँ चलीं तो बादल भी खिंचे चले आए। बादलों ने झमाझम बारिश शुरू कर दी। सबको देखकर धरती ने भी मदद करने की ठानी। वह थोड़ा-सा कसमसाई। नीचे की ज़मीन धसकते ही चट्टान डगमगा उठी।


अचानक चट्टान अपनी जगह से खिसकी। दोरजी ने और ताक़त लगाई। इस बार चट्टान और ज़्यादा खिसकी और असंतुलित होकर घाटी में लुढ़क चली। उसके टुकड़े टूट-टूटकर बिखरने लगे। नीचे तक पहुँचते-पहुँचते वह विशाल चट्टान रेत में तब्दील हो गई।



Wednesday, 9 September 2026

कुनकुन के साथ कौन खेलेगा?


कुनकुन गिलहरी बोर हो रही थी। वह खेलना चाहती थी।

रास्ते में बुल्लू मेंढक मिला। वह उछल-उछलकर हड़बड़ी में भाग रहा था। कुनकुन ने उसे आवाज दी--‘‘बुल्लू, चलो खेलते हैं।’’

‘‘अरे नहीं,’’ बुल्लू परेशान-सा बोला, ‘‘अभी मुझे अपने छिपने की अच्छी-सी जगह तलाश करनी है। बहुत काम है। ठंड बढ़ रही है। मुझे पूरी सर्दियाँ सोकर बिताना है। मैं तुम्हारे साथ नहीं आ सकता।’’



बुल्लू उछलता-कूदता चला गया। कुनकुन आगे बढ़ चली। आगे हाथियों का एक झुंड दिखा। झुंड में उसका दोस्त बाकू भी था। वह बाकू की सूँड पर चढ़ती हुई बोली, ‘‘चलो, खेलते हैं।’’

बाकू उदास होकर बोला, ‘‘हमारा झुंड दूसरे जंगल जा रहा है। हमें दो दिन लगातार बिना रुके चलना पड़ेगा। इसलिए मैं अभी सोने जा रहा हूँ, ताकि चलने के लिए ऊर्जा इकट्ठी कर सकूँ।’’



कुनकुन आगे बढ़ी। आगे उसे गिट्टू और नट्टू जिराफ दिखे।

दोनों बोले, ‘‘अभी तो हम सोने जा रहे हैं। पर तुम आधा घंटा रुको। आधे घंटे में हमारी नींद पूरी हो जाएगी। फिर हम तुम्हारे साथ खेलने चलेंगे।’’

यह कहकर दोनों ने एक-दूसरे की पीठ पर अपनी गर्दन रखी और सो गए।

‘‘मैं इनके जागने का इंतजार नहीं कर सकती।’’ कुनकुन ने कहा और आगे बढ़ चली।

चलते-चलते वह झील के किनारे पहुँची। पिद्दू ऊदबिलाव अपने परिवार के साथ झील की ओर जा रहा था। कुनकुन ने आवाज दी। पिद्दू ने उसे देखकर कहा, ‘‘माफ करना कुनकुन, मैं सोने जा रहा हूँ। अभी तुम्हारे साथ नहीं खेल सकता।’’

यह कहकर वह पानी में पीठ के बल तैर गया। सबने एक-दूसरे का हाथ पकड़ लिया और तैरते हुए सो गए।

तभी कुनकुन की नजर मछली पर पड़ी। उसने मछली से कहा, ‘‘तोया, सब तो सोने जा रहे हैं। तुम ही मुझसे बातें कर लो। मैं बहुत बोर हो रही हूँ।’’

तोया ने पानी के बुलबुले छोड़ते हुए उबासी ली, ‘‘ओह कितनी अच्छी नींद आ रही थी पर तुमने जगा दिया।’’

‘‘पर तुम्हारी आँखें तो खुली हुई हैं!’’ कुनकुन हैरानी से बोली।

‘‘मैं ऐसे ही सोती हूँ।’’ तोया ने कहा और फिर से सो गई।



कुनकुन उदासी से आगे बढ़ चली। आगे उसे हिनहिन घोड़ा दिखाई दिया। वह सिर झुकाए खड़ा था।

‘‘हिनहिन, चलो खेलते हैं।’’ कुनकुन खुशी से चिल्लाई।

हिनहिन ने सिर हिलाया और गर्दन झटककर बोला, ‘‘ओह कुनकुन, तुमने मेरी नींद तोड़ दी। लंबी दौड़ लगाकर आया था। थक गया था, इसलिए सो रहा था।’’

‘‘पर तुम तो खड़े थे।’’ कुनकुन हैरान होकर बोली।

‘‘मैं खड़े-खड़े सो सकता हूँ।’’ हिनहिन ने कहा और जम्हाई लेने लगा।



कुनकुन मुँह लटकाकर आगे बढ़ चली। आगे उसे लेजी स्लाथ दिखाई पड़ा। वह पेड़ की डाल पर चारों पैरों से लटका हुआ था।

‘‘इससे तो कुछ कहना ही बेकार है। यह तो दिन भर सोया रहता है।’’ कुनकुन ने कहा और आगे बढ़ चली।

देर से घूमते-घूमते कुनकुन भी थक गई थी। उसने अँगड़ाई ली और हाथ-पैर फैलाकर डाली से चिपक गई। आँखें बंद करते हुए उसने कहा, ‘‘अब तो मुझे भी नींद सताने लगी है। मैं भी सो जाती हूँ। हो सकता है सपनों में खूब सारे दोस्त मिलें। उनके साथ जमकर खेलूँगी।’’

और कुनकुन खर्राटे भरने लगी।