Translate

Showing posts with label शिशु साहित्य. Show all posts
Showing posts with label शिशु साहित्य. Show all posts

Wednesday, 29 October 2025

शेर की खुजली

एक बार शेर के सिर में खुजली मची। शुरू-शुरू में तो उसे बुरा नहीं लगा। बल्कि पंजों से सिर खुजलाने में मज़ा आया। पर धीरे-धीरे उसकी समस्या बढ़ती गई। अब तो जब-तब उसके सिर में खुजली मचने लगी। रात को तो सबसे ज़्यादा। वह ठीक से सो भी नहीं पाता। शिकार करने में भी समस्या आने लगी। वह घात लगाता कि अचानक खुजली शुरू हो जाती। उसका ध्यान भंग हो जाता और शिकार भाग जाता।

उसने धूल में लोट-पोट लगाई। नदी में लटें भिगो-भिगोकर नहाया। पर खुजली जस की तस। पंजों की खरोंच से सिर की चमड़ी में घाव बनने लगे।

शेर अपने को जंगल का राजा समझता था। अपनी समस्या किसी से कह भी नहीं सकता था। इसलिए उसने बाहर निकलना कम कर दिया। उसका ज़्यादातर समय माँद में ही गुज़रता।

एक दिन वह माँद के दरवाज़े बैठा था कि अचानक ऊपर से एक बंदर आ टपका। बंदर जब तक सँभलता शेर ने उसे दबोच लिया। बंदर की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। वह गिड़गिड़ाने लगा। 

शेर ने कुछ सोचते हुए कहा, ‘‘मैं तुम्हें छोड़ सकता हूँ। लेकिन एक शर्त पर।’’

बंदर जान बचाने के लिए कुछ भी करने को तैयार था। उसने हामी भर दी।

शेर ने कहा, ‘‘ज़रा देखो तो मेरे सिर में खुजली क्यों मच रही है?’’

बंदर ने पंजों से उसके बाल सुलझाए और हैरानी से बोला, ‘‘शेर जी, आपके बालों में तो जुएँ पड़ गई हैं।’’

‘‘श...श...श...!’ शेर ने घबराकर उसे चुप कराया, ‘‘अगर जंगल में किसी को यह बात पता चली तो तुम्हें फाड़कर खा जाऊँगा। समझ लेना।’’

बंदर ने कहा, ‘‘आप कहें तो मैं रोज़ आकर बालों से जुएँ निकाल दूँ?’’

शेर ने सोचा अगर जानवरों की नज़र पड़ गई तो भारी जग-हँसाई होगी। उसने कहा, ‘‘नहीं यह ठीक नहीं है। तुम शहर आते-जाते रहते हो। किसी डॉक्टर को बुुला लाओ तो ठीक रहेगा।’’

बंदर अनमनाया तो शेर गुर्राकर बोला, ‘‘जान प्यारी है तो मेरी बात मान लो।’’

मरता क्या न करता। बंदर तैयार हो गया।

बंदर शहर पहुँचकर इधर-उधर डॉक्टर को तलाशने लगा। पर उसे सफलता नहीं मिली। दिन ढलने लगा तो बंदर चिंतित हो उठा। अगर बिना डॉक्टर को साथ लिए लौटता तो शेर उसे खा जाता। वह एक पेड़ पर बैठा सोच में डूबा हुआ था। तभी उसकी नज़र एक आदमी पर पड़ी। उसके हाथ में लोहे का छोटा-सा बक्सा था। बंदर समझा यही डॉक्टर है। उसने उसका बक्सा छीना और जंगल की ओर भाग चला। वह आदमी ‘पकड़ो-पकड़ो’ करता हुआ उसके पीछे दौड़ा।

आगे-आगे बंदर, पीछे-पीछे आदमी। बंदर भागते-भागते माँद तक आ पहुँचा। आदमी जब हाँफते-हाँफते पास पहुँचा तो शेर को सामने देखकर उसकी घिग्घी बँध गई।

शेर ने कहा, ‘‘घबराओ नहीं, अगर तुम मेरी खुजली का इलाज कर दोगे तो मैं तुम्हें ज़िंदा जाने दूँगा।’’

वह आदमी दरअसल एक नाई था। उसने कहा, ‘‘मैं आपकी खुजली का इलाज कर दूँगा। पर जब तक इलाज चलेगा आपको आँखें बंद रखनी होंगी।’’

शेर राज़ी हो गया। नाई ने चटपट उस्तरा निकाला और शेर का सिर मूँडने लगा। सिर होती गुदगुदी महसूस करके शेर शेर को बहुत अच्छा लगा। आँखें बंद होने पर उसे कुछ पता भी न चला।  

सिर मूँडते ही नाई चटपट नौ-दो-ग्यारह हो गया। बंदर तो पहले ही भाग निकला था।

शेर को जब असलियत पता चली तो मारे शर्म के उसने अपना सिर पंजों में छिपा लिया। 

उस दिन के बाद शेर की खुजली तो दूर हो गई, पर वह महीनों अपनी माँद से बाहर नहीं निकला। 


Sunday, 18 August 2019

गिरा टूटकर डाली से


पीपल का एक पेड़ था। ख़ूब घनेरा। उसकी लंबी और मोटी शाखाएँ दूर तक फैली हुई थीं।
पतझर का मौसम आया तो उसके पत्ते पीले होकर झड़ने लगे। पत्तों से भरी घनी डालें तिनकों का जाल होकर रह गईं।
सबसे ऊँची डाली पर बचा एक पत्ता टूटकर गिरने से डर रहा था। जब हवा का झोंका आता तो वह थर-थर काँप उठता। उसके पैर उखड़ने लगते। डर के मारे वह पीला और कमज़ोर पड़ता जा रहा था। उसने हवा से विनती करते हुए कहा, ‘‘बहन, मुझ पर दया करो। तुम्हारे तेज़ झोंके मेरे पैर उखाड़े दे रहे हैं।’’
हवा ने कहा, ‘‘देखो पीले पत्ते, बसंत आने में समय कम बचा है और अभी बहुत काम बाक़ी पड़ा है। अगर मैंने डालों से पुराने पत्ते नहीं हटाए तो बसंत उनमें नई-नई कोपलें कैसे टाँकेगा? और सूरज उन्हें भोर की सुनहरी किरणें पिलाकर कैसे हरा-भरा कर सकेगा?’’
पत्ते के बार-बार गिड़गिड़ाने पर हवा ने उसे उड़ाकर एक पुराने घर के झरोखे में बिठा दिया। हवा ने कहा, ‘‘यहाँ तुम्हें छेड़ने कोई नहीं आएगा। तुम यहाँ अराम से बैठकर दुनिया के नज़ारे ले सकते हो।’’
मरता क्या न करता। पत्ते को मानना पड़ा।
पर अभी थोड़ा ही समय बीता था कि एक भूरी चींटी आकर उस पर चिल्लाने लगी। उसके पीछे दूर तक चींटियों की लंबी क़तार बनी हुई थी।
‘‘ओ पीले पत्ते, हमारा रास्ता छोड़ो। हम भोजन के लिए एक मरे हुए टिड्डे को लाने जा रहे हैं।’’
‘‘देखो, मैं अभी थका हूँ। घबराहट से मेरा शरीर अब तक काँप रहा है। इसलिए मैं कहीं नहीं जानेवाला। तुम चाहो तो मुझे लाँघकर जा सकती हो।’’ पत्ते ने कहा।
चींटियाँ राज़ी हो गईं। उनकी कतार उसके ऊपर से होकर उस पार जाने लगी। नन्हें पैरों से पत्ते को गुदगुदी हुई तो वह हँसने लगा।
‘‘बेवजह हँसना बंद करो। और यहाँ से दफा हो जाओे। मुझे यहाँ अपना जाल बनाना है।’’ तभी छत से लटकती हुई एक ग़ुस्सैल मकड़ी आई और उस पर चिल्लाने लगी।
‘‘मकड़ी रानी, तुम तो कहीं भी अपना जाल लगा सकती हो। यह जगह मुझ बेचारे के लिए क्यों नहीं छोड़ देती?’’

मकड़ी ने मुँह बनाकर कहा, ‘‘यहाँ जाल में फँसने के लिए कीट-पतंगे ख़ूब मिलते हैं। अंदर के अंधेरे से जब वे रोशनी की तरफ भागते हैं तो मैं उन्हें अपने जाल में फँसा लेती हूँ।’’
‘‘पर मैं यहाँ से हटकर आख़िर कहाँ जाऊँ?’’
आख़िरकार जब पत्ता जब देर तक गिड़गिड़ाता रहा तो मकड़ी को दया आ गई। वह दूसरी जगह की तलाश में चली गई।
पत्ते ने सुकून से एक बड़ी-सी जमुहाई ली और आँखें बंद कर लीं।
पर तभी तेज़ भनभनाहट से उसकी नींद खुल गई। उसने उनींदी आँखें खोलीं तो देखा एक ततैया नन्हें पैरों में मिट्टी का लोंदा लटकाए झरोखे के भीतर आने को बेचैन है।
‘‘अब तुम्हें क्या चाहिए?’’ पत्ते ने उबासी लेते हुए पूछा।
‘‘मुझे यहाँ अपने लार्वे के लिए मिट्टी का घर बनाना है।’’ ततैया ने जवाब दिया।
‘‘तुम कहीं और क्यों नहीं चली जातीं?’’
‘‘यह जगह धूप और पानी से दूर है। यहाँ मेरे लार्वे सुरक्षित रहेंगे।’’
‘‘देखो, मैं यह जगह नहीं छोड़नेवाला। तुम कोई और जगह तलाश लो,’’ पत्ते ने झुँझलाकर कहा और करवट लेकर आँखें बंद कर लीं।
ततैया उसे उठाने की कोशिश में असफल हो गई तो निराश होकर दूसरी जगह की तलाश में चली गई।
पत्ता अपनी विजय का आनंद ले भी नहीं पाया था कि अचानक तेज़ हवा का झोंका आया और वह उड़ते-उड़ते बचा।
‘‘ओए, छोटू! यहाँ से जल्दी निकल,’’ कबूतरों का जोड़ा पंख फड़फड़ाते हुए मँडरा रहा था। 
पत्ता उन्हें देखकर डर गया और गिड़गिड़ाता हुआ बोला, ‘‘लेकिन मैं यहाँ से हटा तो सीधा नीचे गिरूँगा और लोगों के पैरों तले रौंद दिया जाऊँगा। हवा से शुष्क हो रहा मेरा शरीर चूर-चूर हो जाएगा।’’
उसकी बात पर दोनों कबूतर ‘गुटर-गूँ’ करके हँसने लगे।
कबूतरी बोली, ‘‘तुम बेवजह डरते हो। देखो, तुम्हारे सारे साथी तितलियों की तरह हवा में तैर-तैरकर धरती पर उतर रहे हैं। सब कैसी मस्ती कर रहे हैं। एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नाच-गा रहे हैं। कोई कलाबाज़ियाँ खा रहा है। कोई दौड़ लगा रहा है। कोई उछल-कूद रहा है। कोई खिलखिला रहा है। तुम बेवजह डर रहे हो। बाहर निकलो, देखो हर तरफ ख़ुशियाँ ही ख़ुशियाँ बिखरी हुई हैं।’’
पत्ते ने नीचे झाँककर देखा। सचमुच सारे पत्ते उछल-कूदकर मौज मना रहे थे। उन्हें ख़ुश देखकर पत्ते के मन का डर ख़त्म हो गया।
उसने झरोखे से बाहर हल्की-सी छलाँग लगाई और हवा में तैर गया। वह सीधे पेड़ की जड़ों के पास गिरा। वहाँ नमी थी। उसके शुष्क हो रहे तन को बहुत सुकून मिला। उसने अपना शरीर ढीला करके धरती से सटा दिया ताकि वह ज़्यादा से ज़्यादा नमी सोख सके। अब पत्ते को बहुत अच्छा लग रहा था।