Translate

Showing posts with label Picture Book. Show all posts
Showing posts with label Picture Book. Show all posts

Thursday, 10 September 2026

दोरजी और चट्टान

 


दोरजी एक पहाड़ी पर रहा करता था। वह अकेला था। बचपन में हुई एक दुर्घटना में उसने एक पैर गँवा दिया था। इसलिए कहीं आने-जाने में उसे बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। वह अपने खेतों में साग-सब्जि़याँ उगाकर गुज़ारा करता था। उसकी झोपड़ी के ठीक सामने एक बड़ी-सी चट्टान पड़ी थी, जिसकी वजह से उसे अपने खेतों तक घूमकर जाना पड़ता था। इसमें उसका काफी समय बर्बाद होता था। वह अक्सर सोचता कि यह चट्टान न होती तो वह झोपड़ी में बैठे-बैठे अपने खेतों की निगरानी कर सकता था। पर उसे हटा पाना उसके बस की बात नहीं थी।


एक दिन दोरजी ने पानी भरे बादल से कहा, ‘‘बादल, ओ बादल, क्या तुम मेरी मदद कर सकते हो?’’

‘‘कैसी मदद?’’ बादल ने पूछा।

‘‘तुम अपनी ताक़त से बड़ी-बड़ी चीज़ें बहा ले जाते हो। बिजली गिराकर बड़े-बड़े पहाड़ों को चकनाचूर कर सकते हो। क्या तुम यह अदना-सी चट्टान बहाकर घाटी में नहीं फेंक सकते?’’

बादल हँस पड़ा। उसके हँसने पर ऐसी गर्जना हुई कि पहाडि़याँ काँप उठीं। उसने कहा, ‘‘मैं तुम्हारी झोपड़ी को बहा सकता हूँ_ तुम्हारे खेतों को भी तहस-नहस कर सकता हूँ_ पर इस चट्टान को बहा पाना मेरे बस का नहीं।’’

दोरजी निराश नहीं हुआ। उसने हवा को रोका।

‘‘हवा, ओ हवा, क्या तुम मेरी मदद कर सकती हो?’’

‘‘कैसी मदद?’’ बड़े-बड़े पेड़ों को झुकाती जा रही हवा एकाएक ठहरकर बोली।

‘‘तुम अपनी ताक़त से धरती की गहराई में गड़े पेड़ों को उखाड़ देती हो, बड़ी-बड़ी चीज़ों को तिनके की तरह फूँक मारकर उड़ा सकती हो। क्या तुम इस चट्टान को उड़ाकर घाटी में नहीं फेंक सकतीं?’’

हवा ज़ोर से हँस पड़ी। उसके हँसने से ऐसा बवंडर उठा कि आस-पास के पेड़-पौधे बेचैन हो उठे। उसने कहा, ‘‘मैं अपनी ताक़त से तुम्हारी झोपड़ी को उड़ा सकती हूँ, तुम्हारे खेतों के एक-एक पौधे को बर्बाद कर सकती हूँ_ पर इस चट्टान को उड़ा पाना मेरे बस का नहीं है।’’

अबकी दोरजी ने सूरज से कहा, ‘‘सूरज, ओ सूरज, क्या तुम मेरी मदद कर सकते हो?’’

‘‘कैसी मदद?’’ सूरज ने कहा।

‘‘तुम्हारे भीतर आग भरी हुई है। इस आग से तुम सब कुछ खाक कर सकते हो। क्या तुम यह अदना-सी चट्टान अपने ताप से नहीं पिघला सकते?’’

सूरज हँसा तो आग ऐसा लपलपाई कि आस-पास उड़ रहे पक्षियों के पंख झुलस गए। उसने कहा, ‘‘प्यारे, मैं अपनी आग से तुम्हारी झोंपड़ी तो जला सकता हूँ_ खेतों को बंजर बना सकता हूँ_ पर इस चट्टान को पिघला पाना मेरे बस का नहीं।’’

दोरजी आखि़री उम्मीद लेकर धरती से बोला, ‘‘धरती, ओ धरती, क्या तुम मेरी मदद कर सकती हो?’’

‘‘कैसी मदद?’’ धरती ने अलसाकर पूछा।

‘‘तुम्हें जब ग़ुस्सा आता है तो बड़े-बड़े महलों को अपने भीतर समा लेती हो_ ऊँची-ऊँची मीनारें धूल में लोट जाती हैं_ क्या तुम इस अदना-सी चट्टान को अपने भीतर नहीं समा सकतीं?’’

धरती शांत रही। कुछ सोचने के बाद उसने कहा, ‘‘देखो, मैं अपने क्रोध से तुम्हारी झोपड़ी तो ग़र्क कर सकती हूँ_ खेतों को निगलकर तालाब बना सकती हूँ_ पर इस चट्टान को हटा पाना मेरे बस का नहीं।’’

हर कहीं से नाउम्मीद हो जाने के बाद भी दोरजी निराश नहीं हुआ। बल्कि उसे अंदर ही अंदर ग़ुस्सा आ रहा था। वह थोड़ी देर तक बैठा सोचता रहा। उसके नथुने फड़कते रहे और माथे पर लकीरें उभरती रहीं। फिर एकाएक वह उठ खड़ा हुआ। उसने अपनी बैसाखी एक ओर फेंकी और चट्टान को पूरी ताक़त लगाकर धकेलने लगा। उसका चेहरा लाल हो गया। बाहों की मछलियाँ फूल उठीं, पिंडलियों की नसें पुराने पेड़ के जड़ों-सी उभर आईं।

सूरज अपनी पूरी आग के साथ दहक रहा था, हवा थपेड़े मारकर बह रही थी, दूर कहीं बादल का टुकड़ा मंडरा रहा था। पर दोरजी इन सबसे बेखबर धरती पर पैर जमाए चट्टान को धकेल रहा था।

दोरजी का साहस देखकर सूरज डर गया। उसने दोरजी की मदद के लिए अपना ताप बढ़ा दिया। उसके ताप से हवाएँ गर्म होकर थपेड़े मारने लगीं। हवाएँ चलीं तो बादल भी खिंचे चले आए। बादलों ने झमाझम बारिश शुरू कर दी। सबको देखकर धरती ने भी मदद करने की ठानी। वह थोड़ा-सा कसमसाई। नीचे की ज़मीन धसकते ही चट्टान डगमगा उठी।


अचानक चट्टान अपनी जगह से खिसकी। दोरजी ने और ताक़त लगाई। इस बार चट्टान और ज़्यादा खिसकी और असंतुलित होकर घाटी में लुढ़क चली। उसके टुकड़े टूट-टूटकर बिखरने लगे। नीचे तक पहुँचते-पहुँचते वह विशाल चट्टान रेत में तब्दील हो गई।



Wednesday, 9 September 2026

कुनकुन के साथ कौन खेलेगा?


कुनकुन गिलहरी बोर हो रही थी। वह खेलना चाहती थी।

रास्ते में बुल्लू मेंढक मिला। वह उछल-उछलकर हड़बड़ी में भाग रहा था। कुनकुन ने उसे आवाज दी--‘‘बुल्लू, चलो खेलते हैं।’’

‘‘अरे नहीं,’’ बुल्लू परेशान-सा बोला, ‘‘अभी मुझे अपने छिपने की अच्छी-सी जगह तलाश करनी है। बहुत काम है। ठंड बढ़ रही है। मुझे पूरी सर्दियाँ सोकर बिताना है। मैं तुम्हारे साथ नहीं आ सकता।’’



बुल्लू उछलता-कूदता चला गया। कुनकुन आगे बढ़ चली। आगे हाथियों का एक झुंड दिखा। झुंड में उसका दोस्त बाकू भी था। वह बाकू की सूँड पर चढ़ती हुई बोली, ‘‘चलो, खेलते हैं।’’

बाकू उदास होकर बोला, ‘‘हमारा झुंड दूसरे जंगल जा रहा है। हमें दो दिन लगातार बिना रुके चलना पड़ेगा। इसलिए मैं अभी सोने जा रहा हूँ, ताकि चलने के लिए ऊर्जा इकट्ठी कर सकूँ।’’



कुनकुन आगे बढ़ी। आगे उसे गिट्टू और नट्टू जिराफ दिखे।

दोनों बोले, ‘‘अभी तो हम सोने जा रहे हैं। पर तुम आधा घंटा रुको। आधे घंटे में हमारी नींद पूरी हो जाएगी। फिर हम तुम्हारे साथ खेलने चलेंगे।’’

यह कहकर दोनों ने एक-दूसरे की पीठ पर अपनी गर्दन रखी और सो गए।

‘‘मैं इनके जागने का इंतजार नहीं कर सकती।’’ कुनकुन ने कहा और आगे बढ़ चली।

चलते-चलते वह झील के किनारे पहुँची। पिद्दू ऊदबिलाव अपने परिवार के साथ झील की ओर जा रहा था। कुनकुन ने आवाज दी। पिद्दू ने उसे देखकर कहा, ‘‘माफ करना कुनकुन, मैं सोने जा रहा हूँ। अभी तुम्हारे साथ नहीं खेल सकता।’’

यह कहकर वह पानी में पीठ के बल तैर गया। सबने एक-दूसरे का हाथ पकड़ लिया और तैरते हुए सो गए।

तभी कुनकुन की नजर मछली पर पड़ी। उसने मछली से कहा, ‘‘तोया, सब तो सोने जा रहे हैं। तुम ही मुझसे बातें कर लो। मैं बहुत बोर हो रही हूँ।’’

तोया ने पानी के बुलबुले छोड़ते हुए उबासी ली, ‘‘ओह कितनी अच्छी नींद आ रही थी पर तुमने जगा दिया।’’

‘‘पर तुम्हारी आँखें तो खुली हुई हैं!’’ कुनकुन हैरानी से बोली।

‘‘मैं ऐसे ही सोती हूँ।’’ तोया ने कहा और फिर से सो गई।



कुनकुन उदासी से आगे बढ़ चली। आगे उसे हिनहिन घोड़ा दिखाई दिया। वह सिर झुकाए खड़ा था।

‘‘हिनहिन, चलो खेलते हैं।’’ कुनकुन खुशी से चिल्लाई।

हिनहिन ने सिर हिलाया और गर्दन झटककर बोला, ‘‘ओह कुनकुन, तुमने मेरी नींद तोड़ दी। लंबी दौड़ लगाकर आया था। थक गया था, इसलिए सो रहा था।’’

‘‘पर तुम तो खड़े थे।’’ कुनकुन हैरान होकर बोली।

‘‘मैं खड़े-खड़े सो सकता हूँ।’’ हिनहिन ने कहा और जम्हाई लेने लगा।



कुनकुन मुँह लटकाकर आगे बढ़ चली। आगे उसे लेजी स्लाथ दिखाई पड़ा। वह पेड़ की डाल पर चारों पैरों से लटका हुआ था।

‘‘इससे तो कुछ कहना ही बेकार है। यह तो दिन भर सोया रहता है।’’ कुनकुन ने कहा और आगे बढ़ चली।

देर से घूमते-घूमते कुनकुन भी थक गई थी। उसने अँगड़ाई ली और हाथ-पैर फैलाकर डाली से चिपक गई। आँखें बंद करते हुए उसने कहा, ‘‘अब तो मुझे भी नींद सताने लगी है। मैं भी सो जाती हूँ। हो सकता है सपनों में खूब सारे दोस्त मिलें। उनके साथ जमकर खेलूँगी।’’

और कुनकुन खर्राटे भरने लगी।




Sunday, 2 August 2026

स्लॉथ का सफ़रनामा

 


जब से चिड़िया ने स्लॉथ को अपनी सैर के क़िस्से सुनाए थे, तब से उसे एक ही जगह लटके रहने में बोरियत होने लगी थी। उसने भी सैर पर जाने की सोची।

निकलने का मन बनाते-बनाते उसे कई दिन लग गए। एक दिन आख़िर वह निकल पड़ा। पर निकलते ही बारिश का मौसम आ गया। बारिश बीतने तक उसने आगे बढ़ने का इरादा फ़िलहाल टाल दिया। डाल पर लटके-लटके उसके गीले बालों में हरी काई जाम गई, जिससे उसका पूरा शरीर हरा दिखने लगा। उसके घने बालों में छोटे-छोटे पतंगों ने अपना आशियाना बना लिया। डालियों पर इतनी हरी पत्तियाँ थीं कि आगे बढ़ने का इरादा बदला जा सकता था, पर स्लॉथ का इरादा मन में कहीं अटका रहा।

बारिश बीतते ही उसने आगे बढ़ना शुरू किया। रास्ते में उसकी मुलाकात एक कीड़े से हुई, जो सरसराता हुआ तेज़ी से आगे निकल गया। वह किसी काम की जल्दी में रहा होगा—ऐसा स्लॉथ का मानना था। कुछ दिन बाद आगे उसे उसी कीड़े का खाली खोल मिला। उसे याद कर स्लॉथ को अफसोस हुआ।

स्लॉथ ने अपने इस धीमे सफर में पेड़ों पर फूल खिलते और उन्हें बीज बनते देखा। चिड़ियों के अंडों से बच्चे निकलते और उन्हें बड़े होकर उड़ते देखा। मौसम को धीरे-धीरे सर्दी की तरफ सरकते हुए महसूस किया।

और इस तरह स्लॉथ का एक जगह से दूसरी जगह तक का सफर पूरा हुआ।



यह किस्सा मुझे चिड़िया ने सुनाया था। पर स्लॉथ का कहना है कि चिड़िया अपनी बात बढ़ा-चढ़ाकर बता रही थी। उसे एक पेड़ से दूसरे पेड़ तक पहुँचने में बस कुछ ही घंटे लगते हैं!





Wednesday, 22 July 2026

अलटू-पलटू

  (इस कहानी के माध्यम से बच्चों को विलोम शब्द सिखाये जा सकते हैं)

   अलटू-पलटू दोनों भाई हैं।

पर हैं एक-दूसरे के उल्टे।

अलटू कहता है-‘हाँ’।

पलटू कहता है-‘नहीं’।

अलटू कहता है-‘दिन’।

पलटू कहता है-‘रात’।


अलटू कहता है-‘छोटा’।

पलटू कहता है-‘बड़ा’।

अलटू जाता है दाएँ।

पलटू जाता है बाएँ।

अलटू चढ़ता है ऊपर।

पलटू उतरता है नीचे।

अलटू आता है अंदर।

पलटू जाता है बाहर।

एक दिन उनकी गाय खूँटा तोड़कर भागी। 


अलटू ने कहा-
‘पकड़ो!’ पलटू ने कहा-‘रुको’। 

तब तक गाय भाग गई। गाय ने लोगों के खेत उजाड़ दिए। किसान शिकायत लेकर आए। उन्होंने पिता जी से कहा-‘तुम अलटू-पलटू को समझाते क्यों नहीं?’

पिता जी बोले-‘‘हमारे अलटू-पलटू तो बहुत काम के हैं। अलटू फसल बो आता है। पलटू काट लाता है।’’



अम्मा बोलीं-‘‘अलटू सूखने के लिए अनाज बिखेरता है। पलटू समेट लाता है।’’

दादी बोलीं-‘‘अलटू जब जागे, पलटू तब सोवे। दोनों से मिलकर घर की पहरेदारी होवे।”

यह सुनकर सब हँसते हुए चले गए।




 


Monday, 14 April 2025

नई पुस्तकें


1. पिप्पो क्यों चुप है?

अपनी बातों से घर भर में शोर मचानेवाली पिप्पो एक दिन चुप थी। सब हैरान कि आख़िर मामला क्या है? बातूनी पिप्पो चुप क्यों है? पर जब अंत में भेद खुलता है तो सब हँसते-हँसते लोटपोट हो जाते हैं।


बड़े साइज़ में रंगीन और मोटे काग़ज़ पर छपी इस पुस्तक में 8 पृष्ठ हैं। पुस्तक के सुंदर चित्र निखिल वर्मा ने बनाए हैं। संपादन हीना परवीन जी का है।


2. यह अंडा किसका है?

बंदर को जंगल में एक अंडा मिलता है। अंडा किसका है, यह पता लगाने वह जंगल की ओर निकल पड़ता है। रास्ते में उसे रोचक अनुभव होते हैं। और अंत में सच्चाई पता चलने पर बंदर हैरान रह जाता है।


इस बिग बुक में 12 पृष्ठ हैं। चित्रांकन मिलन कुमार और संपादन हीना परवीन जी का है।

 

दोनों पुस्तकें लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित की गई हैं। लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (LLF) एक गैर-लाभकारी संगठन है जो बच्चों के लिए भाषा और साक्षरता कौशल के विकास पर ध्यान केंद्रित करता है। यह संगठन शिक्षकों और शिक्षक-प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करता है, शैक्षिक सामग्री विकसित करता है, और राज्य सरकारों के साथ मिलकर परियोजनाओं को लागू करता है, ताकि सभी बच्चों को समान रूप से सीखने का अवसर मिल सके।