Translate

Thursday, 8 November 2018

दिवारी


मसूर की दाल जैसा सूरज जब साँझ को पेड़ों के पीछे उतरने लगता है तो उसमें न गरमी रह जाती है, न रोशनी। यही समय होता है जब हरचरन अपने मवेशियों को हाँकता हुआ गाँव वापस लौट चलता है। उसके पास एक बैल है और दो गाएँ। तीनों मवेशी सुंदरा ताई के हैं। ताई उसकी कोई नहीं, पर अपनों से बढ़कर हैं। ताई अकेली हैं और हरचरन के आगे-पीछे भी कोई नहीं। ताई उसे अपना बेटा मानती हैं, और वह उन्हें अपनी माँ।
‘‘ताई, ओ ताई कहाँ हो?’’ हरचरन ने दरवाज़े पहुँचकर पुकारा।
‘‘यहाँ हूँ, बच्चा,’’ अंदर से ताई का जवाब आया।
हरचरन ने पैर पटककर साफ किए और अंदर दाखि़ल हो गया। लीपा-पोता आँगन देखते ही उसके मुँह से अनायास ही निकल पड़ा, ‘‘अरे वाह ताई, बाहर पूरा गाँव सुरमई हो रहा है, पर तुम्हारे आँगन में तो जैसे सूरज उतर आया है।’’
छुई मिट्टी से लीपने के बाद आँगन सचमुच चमक उठा था।
‘‘क्या करें, बेटा, रज्जन परधान की तरह घर पर रंग तो लगवा नहीं सकते, सोचा लीप ही दें।’’ ताई दोनों हाथ मिट्टी में साने पल भर को रुककर बोलीं, ‘‘चौमासे के बाद काई-फफूँद से सारा घर हबूड़ा हो रहा था। कल दीवाली है। सोचा कुछ साफ-सफाई कर लें।’’
‘‘अरे ताई कितना काम करती हो इस उम्र में। बता दिया होता तो मैं ही निपटा देता।’’ हरचरन अपराधी भाव से बोला।
‘‘नहीं, बेटा, कुछ काम ख़ुद ही करना अच्छा रहता है। और वैसे भी तुमसे कितना काम लें? ख़ाली कब रहते हो? दिन भर तो खटते रहते हो।’’
‘‘अरे ताई, मैं कोई पराया हूँ जो मुझसे कहने में अहसान लगेगा। तुम्हारे सिवा मेरा है ही कौन?’’
‘‘अरे हाँ,’’ ताई को अचानक कुछ याद आया, ‘‘मुझे इस लीपा-पोती में थोड़ा समय लगेगा। तुम ज़रा बुद्धन दद्दा से थोड़े-से दिये और एक डबुलिया ले आओ। पैसे आले पर रखे हैं। उठा लो।’’
हरचरन चुप खड़ा रहा। पर उसके चेहरे पर खीझ का भाव उभर आया।
ताई ने उसकी ओर देखा नहीं पर मन का भाव समझ गईं और हँसकर बोलीं, ‘‘अरे सुन लेना बेचारे की दो बातें। अकेले परानी हैं। कोई मिलता नहीं बतियाने को क्या करें बेचारे?’’
‘‘बात सुनने में कोई बुराई थोड़े है, ताई। पर उनकी बात भी तो हरखू की पगड़ी की तरह पंद्रह गज़ की होती है। कोई कितना सबर करे।’’
मन मारकर हरचरन बाहर चलने को मुड़ा तो उसका पैर अचानक किसी चीज़ से टकरा गया।
‘‘ताई, आँगन में बीचों-बीच यह ठीया काहे बना दिया?’’
‘‘कोई नई बात है जो पूछ रहे हो? गोदन थापना है कि नहीं?’’
ताई की बात सुनते हुए वह बाहर आ गया। पर बाहर आते-आते उसकी नज़र बैल के ऊपर पड़ी। उसके पिछले पुट्ठे पर कीचड़ जमकर सूख गया था। उसने एक लकड़ी से खुरचकर छुड़ाना शुरू कर दिया। ताई की नज़र पड़ी तो बोलीं, ‘‘अब काहे फालतू वक़्त गँवा रहे हो? कल सुबह नरबदा मैया में नहलाने तो ले ही जाओगे।’’
‘‘हाँ, पर सोचा कि तुम्हारा साफ-सुथरा दुआरा फिर से गंदा न हो इसलिए---’’ कहता हुआ हरचरन निकल गया।
दीवाली वाले दिन हरचरन बड़े सवेरे मवेशियों को हाँकता हुआ हुआ नदी किनारे ले गया। उन्हें बड़ी देर तक पूरे मन से मल-मलकर नहलाया। फिर उन्हें छोड़कर रतेवा लेने चला गया। रतेवा यानी साफ-सुथरी और अच्छे कि़स्म की घास। रतेवा लाकर उसने नदी के पानी में धोया। उसकी मिट्टी बह गई तो उसे लेकर मवेशियों को हाँकता हुआ चल पड़ा।
ताई ने आँगन के बीचो-बीच गोबर का एक पिंड गोदन बनाकर रख दिया था। त्योहार का दिन उनके लिए और दिनों से अलग नहीं था। हाँ, बस आज के दिन काम थोड़ा बढ़ गया था।
रात को लक्ष्मी की पूजा करके दिए सब जगह दिये जलाकर रख दिए। डबुलिया में तेल भरकर देहरी पर रखना शुभ माना जाता था। पर ताई के पास इतने पैसे नहीं थे कि डबुलिया भरकर तेल रख पातीं। उन्होंने आधी डबुलिया भरकर देहरी पर रख दी। हरचरन दिये जला आया तो बोला, ‘‘ताई अब, गाय-बैलों का भी पूजन कर लिया जाए तो फुरसत हो जाए।’’
‘‘हाँ, पर थोड़ा दूर से। गाएँ तो सीधी हैं, पर रात में बैल के पास के पास कोई जाए तो भड़कता है।’’ ताई ने कहा।
मवेशियों का पूजन करने के बाद वे लौट रहे थे तो हरचरन ने कहा, ‘‘ताई, इस बार मैं भी मौनिया बनूँगा।’’
‘‘मौनिया और तुम?’’ ताई अचरज से बोलीं, ‘‘अपनी सेहत देखी है?’’
‘‘पर क्या करें, ताई? बैल पर ऐसी ढीठ समाई है कि हाड़ की ठठरी बनकर रह गया है। गाएँ भी अक्सर बीमार पड़ती रहती हैं। इसीलिए उनकी रक्षा के लिए सोचा इस बार मौनिया बन ही जाऊँ।’’
‘‘पर बेटा,’’ ताई चिंतित स्वर में बोलीं, ‘‘पूरा दिन उपवास रखकर दौड़ते हुए बारह गाँवों का मेढ़ा मजियाना तुमसे हो पाएगा?’’
‘‘सब हो जाएगा ताई,’’ हरचरन लंबी साँस भरकर बोला, ‘‘गाय-बैल सुरक्षित रहे तो हम भी सुरक्षित रहेंगे। नहीं तो हमारी और आजीविका भी क्या है?’’
दीवाली के दूसरे दिन परमा को हरचरन ने घर में घुसते ही आवाज़ लगाई, ‘‘ताई, देवथान, चल रही हो कि नहीं? सब मौनिया वहीं इकट्ठे हो रहे हैं।’’
‘‘हाँ, साथ ही चलूँगी, बस गोदन पसारकर पूजा कर लूँ। ज़रा लपककर हार से कुछ उड़द के पौधे और सैर-बैठका की पत्तियाँ ले आओ।’’
ताई आँगन में बैठी गोबर के पिंड के हाथ-पैर, मुँह और अन्य अंग बना रही थीं। गोवर्द्धन का वह प्रतीक अब अपने मूर्त रूप में परिवर्तित हो रहा था।
लौटकर हरचरन ने डबुलिया का तेल सिर में मला और ताई के साथ देवथान चल पड़ा।
पीपल के नीचे बड़ी भीड़ थी। हँसी-चुहल हो रहा था। हरचरन को देखते ही संपत उसे एक किनारे ले जाकर बोला, ‘‘हम लोग बड़ी देर से तुम्हारा ही इंतज़ार कर रहे थे। चलो फटाफट बज्झी की बगिया निकल चलते हैं।’’
‘‘काहे--?’’ हरचरन चौंककर बोला, ‘‘सब लोग तो यहीं हैं। वहाँ जाकर क्या करेंगे?’’
‘‘तुम मूरख ही रहोगे?’’ संपत खीझता हुआ बोला, ‘‘वहाँ चलकर पत्ते फेटेंगे और क्या करेंगे?’’
‘‘नहीं भैया, यह सब हमसे न हो पाएगा।’’
हरचरन चलने को हुआ, पर संपत ने उसका हाथ खींच लिया और बोला, ‘‘इसमें ग़लत क्या है? कहते हैं अगर जीत गए तो साल भर लक्ष्मी मैया की कृपा बनी रहेगी।’’
‘‘जो मौनिया बनना चाहते हों, यहाँ इकट्ठे हो जाएँ।’’ पंडित देवीदीन आवाज़ लगा रहे थे। पीपल के नीचे परदनी (धोती) पहने, हाथों में मोरपंख का मुठिया थामे और बरकसी (मवेशियों के बालों से बनी रस्सी) डाले मौनिये नाच रहे थे। टिमकी, ढोलकी और मजीरे की आवाज़ से सबके पैर थिरकने को बेताब हो रहे थे। रामविलास का स्वर अच्छा था। उसने सुर उठाया-
हे ..... (जय हो)
परथम सुमिरौ गनपति प्यारे
कर चरनन में ध्यान रे....
(अरे) दुख हरन मंगल करन
फिर काज सँवारे वारे रे ...
(जय हो)

हरचरन अपना हाथ छुड़ाकर दौड़ पड़ा। ताई, जो अब तक संपत को उसके कान में फुसफुसाते देखकर शंकित हो रही थीं, उनके हृदय को संतोष मिला। वह संपत के स्वभाव से अच्छी तरह परिचित थीं।
हरचरन भी पास पहुँचकर सबके सुर में सुर मिलाकर गाने लगा--
‘‘मनमोहन हिरदे बसो,
रूप रस के घन स्याम रे
 अरे नंद बाबा के लाड़ले भैया,
सो बारंबार बनावैं रे.....
पंडित देवीदीन सब मौनियों को चेताते हुए बोले, ‘‘देखो, अच्छी तरह जान लो। दिन भर उपवास रहना है। और मौन रहकर दौड़ते हुए बारह गाँवों की हद छूकर सूरज अस्त होने से पहले यहीं वापस लौटना है। बीच में न कहीं रुकना है, न बैठना है। अगर व्रत टूटा तो समझ लो, फल उलट जाएगा।’’
मौनियों ने देवी माँ का जयकारा लगाकर अपनी हामी भरी।
पंडित जी अपनी सजी बनी गाय की रस्सी थमकर खड़े हो गए और बोले, ‘‘चलो, अब एक-एक करके गाय के नीचे से निकलकर उसके कान में कूका देते हुए निकलो। दक्षिणा हाथ में पकड़ते जाओ। बिना दक्षिणा दिए निकले तो व्रत का फल नहीं मिलेगा।’’
मौनिये एक-एक करके निकलने लगे। हरचरन की बारी आई तो उसने गाय के नीचे से निकल कूका दिया और पंडित जी के हाथ में पाँच का मुडा़-तुड़ा नोट थमा दिया। पंडित जी ने बड़ी उपेक्षा से उसकी ओर देखा और धमकाने के अंदाज़ में बोले, ‘‘बारह गाँवों का मेढ़ा मजियाए बिना मत लौटना, समझ गए, बारह गाँवों का।’’ और फिर ज़ोर से बोले, ‘‘बोलो--देवी मैया की...’’
जन समूह ने ज़ोर से चिल्लाकर कहा, ‘‘जय...’’
भुलई कायस्थ का लड़का झाँसी में रहकर पढ़ता था। दीवाली के मौके पर वह भी गाँव आया हुआ था। वह बड़ी देर से सब कुछ देख रहा था। उसकी निगाहों में सबके लिए व्यंग्य और उपेक्षा भरी हुई थी। उसने कहा, ‘‘पता नहीं कब सुधरेंगे गाँव के लोग? भला इस सबसे कुछ होता है? मवेशियों की सुरक्षा करनी है तो उनकी देखभाल करो। अच्छा खिलाओ-पिलाओ। बीमार पड़ें तो हरहा डॉक्टर को दिखाओ। इन चोंचलों से भला कुछ मिलने वाला?’’
कहा तो उसने धीरे से था, पर बग़ल में बैठी ताई ने सुन लिया। वह लंबी साँस लेकर बोलीं, ‘‘बेटा, सच कहा। सचमुच कुछ नहीं होता इससे। जानवरों को साँप-बिच्छू काट ले तो वह भी देवी का शाप नहीं बल्कि अपनी लापरवाही का नतीजा होता है। पर बेटा यह वे लोग कह सकते हैं जिनके पास पैसों की लाठी है। उनकी आशंकाओं को पैसे की ताक़त दूर कर देती है। हमारे पास इस उम्मीद के सिवा कुछ नहीं है कि हमारे इस व्रत से देवी प्रसन्न हो जाएँगी और साल भर हमारे मवेशियों की सुरक्षा करेंगी। हमारे पास पैसा ही होता तो हरचरन बारह गाँवों की धूल फाँकने न जाता। हम लोग हर पल आशंका में जीते हैं। अनहोनी का डर हमारे सीने पर सवार रहता है। जिनके पास पैसा है वह अनहोनी से निपटने की हिम्मत रखते हैं। पर हमारे पास देवी कृपा की आस के अलावा क्या है? हम इसी आस के सहारे साल भर जी लेते हैं।’’
लड़के को ताई की बात समझ में नहीं आई या उसने समझने की कोशिश नहीं की और उठकर चला गया।
संपत को एक शरारत सूझ रही थी। हरचरन से वह पहले से चिढ़ा हुआ था क्योंकि उसके बिना खेल नहीं जम पा रहा था। उसने अपने दोस्तों को बुलाकर कहा, ‘‘देखो, सब मौनिये खजुरिहा ख़ुर्द से होकर निकलेंगे। गाँव से पहले ही बरगद का घना पेड़ है। हम लोग उस पर चढ़कर बैठ जाएँगे। जैसे ही हरचरन वहाँ से निकले कि सब लोग चिल्लाते हुए कूद पडेंगे। डर के मारे उसकी चीख़ निकली कि उसका व्रत टूट जाएगा। फिर उसे बज्झी की बगिया में घसीट ले चलेंगे।’’
पर संपत की चाह पूरी नहीं हुई। जब तक उसकी मंडली खुजरिहा तक पहुँचती मौनियों की टोली वहाँ से निकल चुकी थी।
हरचरन दिन भर दौड़ता रहा। मौनियों के साथ गाँवों की सीमा पर पहुँचता। उसकी मिट्टी छूता और निकल पड़ता। नंगे पैर दौड़ने से पैरों में छाले पड़ गए थे। पिंडलियाँ कस गई थीं। चेहरे पर बदहवासी छा गई थी। पर रुक सकने का तो सवाल ही नहीं था। वह दौड़ता रहा-दौड़ता रहा।
धीरे-धीरे साँझ घिर आई। सूरज मसूर की दाल की तरह लाल होकर क्षितिज पर झुक आया। गाँव की लीक पर धूल उड़ाते हुए मौनिये वापस लौटने लगे। एक-एक मौनिया आता और गाय के नीचे से निकलकर उसके कान में कूका देकर व्रत तोड़ता। हरचरन सबसे अंत में पहुँचा। सब मौनिये इकट्ठा हुए तो फिर से टिमकी और मजीरा बजने लगा। थकन भूलकर सब फिर से नाचने लगे।
हरचरन घर पहुँचा तो ताई लपककर उसके लिए गर्म दूध लाने भीतर चली गईं। पर जब वे दूध लेकर लौटीं, हरचरन वहीं छप्पर के नीचे लुढ़क गया था। ताई की आँखें भीग गईं। उन्होंने उसका सिर उठाकर अपनी गोद में रख लिया और भर्राई आवाज़ में गाने लगीं-
झूलें नंदलाल झुलाओ सखी पालना
झूलें नन्दलाल....


Wednesday, 5 September 2018

मास्टर छोटेलाल

गर्मी अपने यौवन पर थी। सूरज से जैसे आग बरस रही थी। लू के थपेड़ों से धरती तवा बनी हुई थी। धूल के बवंडर रह-रहकर आसमान को मटमैला कर देते थे। शहर की ओर जानेवाली सड़क पर दूर-दूर तक सन्नाटा छाया हुआ था। 
मास्टर छोटेलाल पाकड़ के पेड़ के नीचे खड़े बस का इंतज़ार कर रहे थे। उन्होंने चेहरे को अँगोछे से इस तरह ढँक रखा था, कि सिर्फ मोटे लेंसवाला चश्मा ही नज़र आ रहा था। पर इसके बाद भी उन्हें दूर से पहचाना जा सकता था। छोटा क़द, थुलथुल शरीर, मोटी-सी गर्दन, मटकी जैसा सिर और शरीर पर मटमैला धोती-कुर्ता। 
मास्टर छोटेलाल क़स्बे के हाईस्कूल में हिंदी के अध्यापक थे। सच्चे और सीधे। चालाकी और होशियारी से उनका दूर का नाता था। पूरी लगन से पढ़ाते। दूसरों की मदद के लिए ख़ुद का नुकसान उठाने को भी तैयार रहते। पर इन अच्छाइयों के बावजूद समाज में उनका वही स्थान था जो आज के ज़माने में सीधे और सच्चे इंसान का होता है। 
एक महिला और उसके छोटे बच्चे के सिवा बस पकड़नेवालों में और कोई नहीं था। बच्चा मुश्किल से पाँच बरस का था। उसे देखकर मास्टर छोटेलाल का हृदय बार-बार पुलक रहा था। वह उस बच्चे की ओर देखे जा रहे थे। पर महिला उन्हें अजनबी समझकर बातचीत करने के प्रति उपेक्षा दिखा रही थी। 
तभी मास्टर छोटेलाल को सड़क पर हो-हल्ला सुनाई दिया। देखा तो चार लड़के बीच सड़क पर एक-दूसरे को छेड़ते और हँसी-हंगामा करते चले आ रहे थे। उन पर न तो लू-धूप का असर था और न तपती हुई सड़क का। वे मौसम को ठेंगा दिखाते हुए अपने आप में मस्त थे। मास्टर जी को लड़कों की थोड़ी फिक्र तो हुई, पर उन्हें अच्छा भी लगा कि कोई तो है जो इन विपरीत परिस्थितियों में गुलमोहर की तरह जीवन का उल्लास बिखेर रहा है। 
लड़कों के पास आने पर मास्टर छोटेलाल को लगा कि उनकी सूरत कुछ जानी-पहचानी लग रही है। थोड़ा और पास आए तो उन्होंने बीचवाले लड़के को पहचान लिया_ वह लोकेश था। वही लोकेश जिसके लिए वे पूरे स्कूल की आँख का काँटा बन गए थे। लोकेश के शरारती स्वभाव से परिचित प्राचार्य जी उसे स्कूल में प्रवेश नहीं देना चाहते थे। पर मास्टर छोटेलाल अड़ गए थे। उनका मानना था कि जो शिक्षा बालक को अनुशासित और आज्ञकारी न बना सके, वह व्यर्थ है। वह हमेशा मानते आए थे कि बच्चा कितना भी उद्दंड क्यों न हो, उसके हृदय में कहीं निश्छलता सोई होती है। शिक्षक का दायित्व है कि वह उस निश्छलता को जागृत करे। उन्होंने लोकेश के प्रवेश को एक चुनौती की तरह स्वीकारा था।
पर लोकेश भी अपने आप में अकेला नमूना था। उसकी उद्दंडताओं का पार नहीं था। क्या छात्र, क्या अध्यापक, हर कोई उसकी शरारातों से परेशान रहता था। मास्टर छोटेलाल उसे बेहद समझाते। पर वह तो चिकना घड़ा था। सबसे ज़्यादा तंग तो वह उन्हें ही करता था। उनकी कक्षा बड़ी मुश्किल से चल पाती थी। किंतु मास्टर छोटेलाल को विश्वास था कि एक न एक दिन वे लोकेश को सुधारकर ही दम लेंगे। 
आज इतने दिनों बाद उसे देखकर मास्टर जी का मन एकाएक उमगा कि उसे रोककर बातें करें। पर जिस तरह से वह हंगामा कर रहा था, उनकी हिम्मत न पड़ी। रोकने के लिए उनका हाथ उठा ही रह गया। लड़के चिल्लाते-ठहाके लगाते पास से निकले तो एक ने लोकेश के कान में फुसफुसाकर कहा, ‘‘पीछे गुरू जी खड़े थे।’’
लोकेश ने घूमकर उचटती-सी निगाह डाली और कंधे उचकाकर लापरवाही से बोला, ‘‘होंगे। उससे क्या?’’ और उसी तरह हंगामा करता हुआ आगे बढ़ गया। 
मास्टर जी का दिल बैठ गया। लोकेश के लिए उन्होंने क्या-क्या नहीं झेला था। साथी अध्यापकों की उलाहनाएँ, प्राचार्य जी की नाराज़गी। पर वह हमेशा लोकेश के पक्ष में खड़े रहे थे। हाईस्कूल पास करने के बाद जब वह पैर छूकर ग़लतियों की माफी माँगते हुए गया था, तो उन्हें लगा था कि देर से सही, पर उनकी मेहनत सफल हो गई। पर आज लोकेश को फिर उसी रूप में देखकर उन्हें बहुत पीड़ा हुई। उनका दिल बैठने लगा। 
तभी धूल उड़ाती हुई बस आकर ठहर गई। मास्टर छोटेलाल एकाएक सब भूल गए और थैला संभालकर चढ़ने का उपक्रम करने लगे। बस पूरी भरी हुई थी। इस मार्ग पर वैसे भी बसें कम थीं। और जो आती थीं, वह खचाखच भरी होती थीं। मास्टर जी ने सीट की तलाश में नाउम्मीदी भरी नज़र दौड़ाई। पर आज उनकी कि़स्मत अच्छी थी। पीछे की तरफ खिड़की के पासवाली एक सीट ख़ाली थी। मास्टर छोटेलाल बच्चों की तरह ख़ुश हो गए। बस हो या ट्रेन आज भी वह खिड़की के बग़लवाली सीट पर बैठने का लोभ नहीं छोड़ पाते थे। अपना थैला उठाकर संतुलन बनाते हुए वह जैसे ही आगे बढ़े कि एकाएक सामने की सीट पर बैठा एक युवक उठ खड़ा हुआ। उसने लपककर पैर छुए। मास्टर छोटेलाल एकाएक ठिठक गए। उनके चेहरे का तनाव ढीला पड़ गया। अभी थोड़ी देर पहले लोकेश के कारण पैदा हुई मन की कड़वाहट एकाएक घुल गई। युवक ने कहा, ‘‘गुरू जी आप यहाँ बैठ जाइए।’’ यह कहकर वह प्रतिक्रिया देखे बिना लपकता हुआ खिड़की के बग़लवाली सीट पर पर जा बैठा। सब कुछ इतना जल्दी घटित हुआ कि मास्टर छोटेलाल एकाएक समझ न सके। बस में खिड़की के पासवाली सीट मिलती कब है? कोई न कोई पहले से जमा रहता है। और कभी मिल भी जाए तो जी मिचलाने या धूम्रपान करने का बहाना करके बग़लवाला उनकी सीट हड़प लेता था। आज उन्हें मौका मिला था। पर वह मौका उनके अपने ही शिष्य ने छीन लिया। 
मास्टर छोटेलाल निराश होकर वहीं बैठ गए। उस सीट पर दो भारी-भरकम सवारियाँ पहले से मौजूद थीं। मास्टर जी भी हल्के-फुल्के न थे। बड़ी मुश्किल से उन्होंने ख़ुद को टिकाया। बस जब धचका लेती या मोड़ पर घूमती तो वह सीट से सरकते-सरकते बचते। 
मास्टर छोटेलाल का चेहरा दुख और क्रोध से विकृत हो रहा था। उन्होंने पूरा जीवन छात्रें को निस्वार्थ भाव से पढ़ाने और जीवन-मूल्य विकसित करने में लगा दिया था। पर आज जैसे वह अपने आपको ठगा-सा महसूस कर रहे थे। 
तभी बस रुकी। युवक का गंतव्य आ गया था। वह उतर रहा था। उसने एक बार फिर आकर उनके पैर छुए और नमस्ते करके उतर गया। मास्टर छोटेलाल ने वितृष्णा से नज़रें फेर लीं। पहली बार ऐसा हुआ था कि पैर छूने पर उन्होंने किसी को आशीर्वाद न दिया हो।
बस चल पड़ी। मास्टर छोटेलाल ने यूँ ही बिना किसी उद्देश्य के पीछे की ओर निगाह डाली। युवक के उतरने के बाद खिड़कीवाली सीट अब ख़ाली हो गई थी। अब तक कोई उस पर बैठा नहीं था। उनका मन खिड़कीवाली सीट पाने के लिए फिर हुमसने लगा। उन्होंने थैला संभाला और चलती बस में भरसक संतुलन बनाते हुए उस सीट की ओर लपक चले। लेकिन सीट पर ‘धप्प’ से बैठते ही वह बिलबिला गए क्योंकि सीट पत्थर की तरह सख़्त थी। उसका गद्दा फटा हुआ था और नीचे सिर्फ लकड़ी थी, जिसमें हल्की-हल्की कीलें उभरी हुई थीं। उस पर बैठना सज़ा काटने जैसा था। मास्टर छोटेलाल की हालत देखने लायक़ हो गई। अब वह अपनी पुरानी सीट पर भी नहीं जा सकते थे क्योंकि वहाँ एक महिला ने क़ब्ज़ा जमा लिया था। मजबूर होकर उठ खड़े हुए और बीच रास्ते में रॉड पकड़कर खड़े हो गए। 
बस ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर हिचकोले खाते बढ़ी जा रही थी। मगर अब उन्हें कोई दुख न था।