Translate

Monday, 15 July 2024

नई पुस्तकें

 

पहाड़ी के उस पार

किशोर-उपन्यास

 

प्रोफेसर रमन एक वनस्पति शास्त्री हैं, जिनके क़दम औषधीय पौधों की खोज में जगह-जगह भटकते रहते हैं। उनकी इस यात्रा के साथी होते हैं-- विक्की और मोंटू। ऐसी ही एक यात्रा के दौरान वे अबूझमाड़ के जंगलों में जा पहुँचते हैं। अबूझमाड़-- यानी ऐसी अबूझ धरती जहाँ चप्पे-चप्पे पर खतरे मँडराते हैं, जहाँ क़दम-क़दम पर आशंकाएँ थरथराती हैं। खोज के दौरान वे नक्सलियों के बीच फँस जाते हैं और नज़रबंद कर लिए जाते हैं। और फिर शुरू होता है रोमांचक घटनाओं का सिलसिला। षडयंत्र, संघर्ष, साहस और जीवटता से भरा एक ऐसा रोमांचक उपन्यास, जिसे आप पूरा पढ़े बिना नहीं रुक सकते।

प्रकाशक : फ्लाई ड्रीम पब्लिकेशन, जैसलमेर, राजस्थान

मूल्य : 220/-

संस्करण : 2024 


 



जूते निकले घूमने

हिंदी साहित्य के अग्रणी प्रकाशक अद्विक प्रकाशन प्रा0 लि0, दिल्ली द्वारा प्रकाशित ‘जूते निकले घूमने’ नन्ही-नटखट कहानियों का ऐसा संग्रह है, जो विशेषकर छोटे बच्चों को केंद्र में रखकर लिखी गई हैं। रंग-बिरंगी सात कहानियों का यह गुलदस्ता बच्चों को गुदगुदाएगा, हँसाएगा और उनकी कल्पनाशक्ति को उड़ान देगा। रंग-बिरंगे सुंदर चित्रों से सजी कहानियाँ बच्चों को निश्चित तौर पर भाएँगी। कहानियों की भाषा अत्यंत सरल है। इनकी रोचक कहन-शैली बच्चों बच्चों को विशेष रूप से पसंद आएगी।

प्रकाशक : अद्विक पब्लिकेशन प्रा०लि०, दिल्ली

मूल्य : 200/-

संस्करण : 2024


Wednesday, 13 December 2023

सारे नाचे धम्मक-धम

 



‘‘मैं तो लेटे-लेटे बोर हो गया हूँ। लेटे-लेटे सोना-जागना, लेटे-लेटे खाना-पीना, लेटे-लेटे ही चलना। काश मेरे भी पैर होते।’’ साँप ने आह भरते हुए कहा।

साँप की बात पर सारे जानवरों ने ‘हाँ’ में ‘हाँ’ मिलाई। पर घोड़ा चुपचाप खड़ा रहा। बंदर ने पूछा, ‘‘तुम क्यों चुप हो?’’

घोड़ा बोला, ‘‘सच तो यह है कि मैं तो खड़े-खड़े बोर हो गया हूँ। इक्के में जुतकर दिन भर दौड़ते-दौड़ते थक जाता हूँ। मन होता है काश, मैं भी लेट सकता। पर क्या करूँ? प्रकृति ने मुझे ऐसा बनाया कि खड़े-खड़े ही सोना पड़ता है।’’

तभी वहाँ एक बगुला आकर बैठ गया। वह बहुत उदास था। उसका चेहरा उतरा हुआ था। सबने पूछा तो कहने लगा, ‘‘काश, मेरे भी दो हाथ होते!’’

‘‘पर तुम ऐसा क्यों कह रहे हो?’’ भालू ने पूछा।

‘‘मैं सुबह से ताक लगाए एक पैर पर खड़ा था। बड़ी मुश्किल से एक मछली हाथ लगी। मछली बड़ी थी। वह मेरी चोंच से छिटककर भाग गई। अगर हाथ होते तो उसे कसकर दबोच लेता।’’


‘‘काश, मेरे पंख होते,’’ तभी बिल्ली बोली, ‘‘कल एक बंद गली में शरारती बच्चों ने मुझे घेर लिया। और दौड़-दौड़ाकर बेहाल कर दिया। अगर पंख होते तो फुर्र हो जाती।’’

तभी बड़ी देर से सबकी बात सुन रहा कबूतर बोला, ‘‘मैं सोचता हूँ कि मेरे भी दाँत होते। हमें तो खाने का कोई स्वाद ही नहीं मिलता। जो मिला गटक गए।’’

कबूतर की बात पर कोई कुछ कहता कि मगरमच्छ बोल उठा, ‘‘मैं तो अपने टेढ़े-मेढ़े दाँतों से परेशान हूँ। दाँतों में अक्सर माँस के टुकड़े फँस जाते हैं। तब हमें चिड़ियों के भरोसे रहना पड़ता है। घंटों जलती रेत पर मुँह खोले पड़े रहो। तब कहीं कोई चिड़िया आकर दाँतों की सफाई करती है।’’

तभी कछुआ बोला, ‘‘दोस्तो, मेरे हाल न पूछो। काश, मैं भी खरगोश की तरह तेज़ रफ्तार चल पाता।’’

कछुए की बात पूरी होते-होते खरगोश हँस पड़ा। वह बोला, ‘‘लेकिन कछुए भाई, अपनी धीमी चाल से ही तुमने हमारे परदादा के परदादा को हरा दिया था।’’

लेकिन हाथी अपने आप में मस्त था। उसने कहा, ‘‘चाहता तो मैं भी हूँ कि कंगारू की तरह उछल सकूँ। पर उछल नहीं सकता तो नाच तो सकता हूँ।’’ यह कहकर वह सूँड उठाकर ‘धम-धम’ करके नाचने लगा।

उसे नाचता देख बाकी सब भी नाचने लगे।