Friday 16 August 2019

आसमान का रंग लाल - पत्ती का रंग पीला



‘‘भैया, मौलवी साहब आ रहे हैं..’’ असद छज्जे से झाँकता हुआ चिल्लाया।
हमदान मोबाइल पर गेम खेलने में मगन था। असद की आवाज़ ने रंग में भंग कर दिया, पर उसने अपनी निगाह मोबाइल पर गड़ाए रखी।
‘‘भैया...मौलवी साहब आ गए हैं...!!’’ असद ने एक-एक शब्द पर ज़ोर देकर दोबारा कहा।
‘‘आ गए हैं तो क्या करूँ..?’’ वह खीझकर बोला।
‘‘अम्मी, देखो, भैया क्या कह रहा है।’’ असद ने माँ का ध्यान खींचना चाहा।
पर अम्मी रसोई में जुटी थीं। उन्होंने न तो असद की शिकायत पर ध्यान दिया और न हमदान के जवाब पर।
तभी कॉलबेल बजी।
‘‘हमदान, जाकर दरवाज़ा खोलो।’’ अम्मी ने किचन से कहा।
‘‘असद खोल देगा।’’ हमदान अभी भी औंधा लेटा था।
‘‘वह अभी छोटा है, तुम जाओ।’’
हमदान मन मारकर दरवाज़े तक पहुँचा। असद दरवाज़ा खुलने के इंतज़ार में बेचैन-सा पहले से मौजूद था। हमदान ने दरवाज़े की कुंडी हटाते हुए कहा, ‘‘अस्सलाम अलैकुम, मौलवी साहब।’’
‘‘हाँ, हाँ, वालैकुमस्सलाम, दरवाज़ा खोलो। पीठ झुलसी जा रही है।’’ मौलवी साहब झुँझलाए हुए बोले।
हमदान ने दरवाज़ा खोला।
‘‘अब आगे से हटोगे?’’ मौलवी साहब साइकिल अंदर लाने के लिए खड़े उसे घूर रहे थे।

हमदान किनारे हो गया। साइकिल बरोठे में खड़ी करके मौलवी साहब वहीं खड़े हो गए। धूप का चश्मा उतारा और जेब से रुमाल निकालकर चेहरा पोंछने लगे। असद ने हमदान की ओर देखा। दोनों के चेहरे पर मुस्कान फैल गई। मौलवी साहब की आदत थी कि वह चेहरे का पसीना पोछते समय रुमाल इतनी ज़ोर-ज़ोर से रगड़ते थे। असद और हमदान की हँसी फूटी पड़ रही थी।
मौलवी साहब उनकी शरारत समझ गए। बोले, ‘‘चलो, अपना-अपना सिपारा लेकर पहुँचो।’’
‘‘और हाँ, अम्मी से कह देना मेरे लिए चाय न बनाएँ। सुबह से पीते-पीते पेट खौल रहा है।’’ उन्होंने तेज़ आवाज़ में इस तरह कहा कि रसोई में खड़ी अम्मी सुन लें। मौलवी साहब ने साइकिल के स्टैंड को जाँचा। रुमाल से एक बार फिर से चेहरा पोछा, थैले से निकालकर नज़र का चश्मा चढ़ाया और बैठक में दाखि़ल हो गए।
बिजली थी नहीं। हाथ का पंखा उठाकर झलते हुए बोले, ‘‘गर्मी तो ऐसी हो रही है कि बदन पिघला जा रहा है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, बिजली के भी नख़रे शुरू हो गए हैं। कब से नहीं आ रही है?’’
‘‘थोड़ी देर पहले तक तो थी...’’ हमदान ने दबी आवाज़ में जवाब दिया।
तब तक अम्मी ने पानी का गिलास लाकर रख दिया था।
‘‘नीबू का शर्बत बना दूँ?’’ उन्होंने पूछा।
‘‘हाँ, पर थोड़ी देर में। अभी तो पानी पी लिया है।’’
अम्मी चली गईं। मौलवी साहब ने रुमाल निकालकर एक बार फिर चेहरा पोंछा और बोले, ‘‘वज़ू किया था?’’
‘‘जी, किया था,’’ दोनों दबी हुई आवाज़ में बोले।
‘‘चलो, निकालो सिपारा। कल का सबक़ सुनाओ।’’ कहते-कहते उन्होंने अपने थैले से एक पतली-सी छड़ी निकाली और मेज़ पर रख दी।
असद की आदत थी कि जब भी वह सिपारा पढ़ता था तो सिर हिलाकर ज़ोर-ज़ोर से झूमता था। कभी-कभी बग़ल में बैठे हमदान से टकराता भी था। इससे हमदान का ध्यान टूटता था।
हमदान ने घूरकर असद की ओर देखा। असद अपना सबक़ सुनाने में मगन था। उसने हमदान की प्रतिक्रिया नहीं देखी, पर मौलवी साहब ने देख लिया और होंठ चबाकर बोले, ‘‘हमदान, थोड़ा खिसककर बैठो। गर्मी में सटे जा रहे हो।’’
सबक़ सुनाने की बारी हमदान की आई। उसने सुनाना शुरू किया-‘‘अलिप़फ़ दो ज़बर अन, बे दो ज़बर बन...ग़ैन दो ज़बर गन।’’
‘‘गन नहीं, ग़न। हलक़ से आवाज़ निकालो...ग़’’
हमदान के मुँह से फिर निकला-‘‘गन!’’
मौलवी साहब ने कान मरोड़ते हुए कहा, ‘‘कितनी बार समझाया ग़ैन को ग़ बोलते हैं और गाफ़ को ग! पर तुम्हारी समझ में तो आएगा नहीं क्योंकि दिमाग़ में मोबाइल घुसा हुआ है।’’ ग़ुस्से में कान ऐंठने के कारण उनका स्वर ऊँचा-नीचा हो रहा था।
तभी बैठक में मुहल्ले के चंदन चचा दाखि़ल हुए, ‘‘मौलवी साहब आदाब अर्ज हो!’’
‘‘आइए, आइए! चंदन भाई,’’ मौलवी साहब ने चंदन चचा के माथे पर पसीना देखा तो उनका रुमाल फिर से निकल आया। रुआँसे हो रहे हमदान के चेहरे पर पल भर के लिए मुस्कान थिरक उठी।
‘‘बाहर आपकी साइकिल खड़ी देखी तो चला आया। आपसे कई दिनों से मुलाक़ात करने की सोच रहा था।’’
‘‘बताइए, बताइए! कैसे याद किया?’’
‘‘नहीं अभी आप बच्चों को पढ़ा लीजिए, तब तक मैं यहीं बैठा हूँ।’’
‘‘चलो बीस बार बोल-बोलकर ग़ैन लिखो।’’ मौलवी साहब हमदान को सबक़ देकर चंदन चचा की ओर मुड़ गए।
‘‘च..च..च, बेचारे बच्चों पर कितना बोझ है,’’ चंदन चचा बोले, ‘‘स्कूल का काम, होमवर्क, ट्यूशन। बेचारे बचपन को जीने का मौक़ा ही नहीं पाते।’’
‘‘अजी छोडि़ए..’’ मौलवी साहब बोले, ‘‘क्या हम लोगों ने पढ़ाई नहीं की है? पर इनका ध्यान पढ़ाई में लगे तब न?’’
कहते-कहते उन्होंने हमदान को एक छड़ी जमाई क्योंकि उन दोनों को बातें करता देखकर उसका ध्यान पढ़ाई से हट गया था।
‘‘मियाँ, पढ़नेवाले तीन तरह के होते हैं। एक, रबर में कीला। यानी जब तक कील धँसी रहती है, तब तक ठीक, जैसे ही कील निकली कि सब बराबर। दूसरे होते हैं कंबल में कीला। जितना छेद बना दो उतना बना रहेगा, यानी जितना पढ़ा दो उतना याद रखते हैं। तीसरे होते हैं बाँस में कीला, यानी थोड़ा पढ़ाओ तो ज़्यादा समझते हैं। ये जनाब रबर में कीला हैं।’’
चंदन चचा ने गहरी साँस ली और बोले, ‘‘अरे नहीं। सब बच्चों समझदार होते है। कुछ का दिमाग़ खेल में चलता है, कुछ का पढ़ाई में, कुछ का और कामों में। पर हमने ऐसे क़ायदे बना रखे हैं कि पढ़ने में तेज़ बच्चे को ही अक़्लमंद मानते हैं।’’
‘‘ग़ बोलो ग़...’’ मौलवी साहब ने हमदान को फिर एक छड़ी जमाई।
‘‘मौलवी साहब एक बात पूछूँ? बुरा तो नहीं मानेंगे?’’ चंदन चचा ने कहा।
‘‘पूछिए,’’ मौलवी साहब ने उनकी ओर हैरत से देखा।
‘‘क्या पढ़ाई के लिए बच्चों की पिटाई करना ज़रूरी है?’’
मौलवी साहब हँसे, ‘‘चंदन भाई, आप तो जानते ही होंगे कि बच्चा जब समझदार हो जाए तो उसे दीनी तालीम दी जानी चाहिए। अगर बच्चा लापरवाही करे तो उसे डाँटकर रास्ते पर लाया जाए। फिर भी न माने तो पिटाई जायज़ है। बच्चे नादान होते हैं, उन्हें सही-ग़लत का पता नहीं होता। उन्हें इसकी जानकारी देना हमारी जि़म्मेदारी है। बुरी बातों की तरफ इंसान का ज़हन जल्दी जाता है। अच्छी बातों में दिल को ज़बरदस्ती लगाना पड़ता है। अब अगर इसके लिए पिटाई भी की जाए तो बुरा नहीं है।’’
चंदन चचा मुस्कराए, ‘‘पर अच्छी बातों की तरपफ़ ज़हन क्यों नहीं जाता?’’
‘‘ये तो इंसानी पिफ़तरत है?’’
‘‘पर मौलवी साहब मुझे लगता है कि बुरी बातों में इंसान का मन इसलिए लगता है कि उसमें मज़ा आता है। अगर अच्छी बातों में भी मज़ा आने लगे तो इंसान बुराई की तरफ क्यों देखे?’’
‘‘क्या मतलब?’’
‘‘मतलब यह कि स्कूल जाने से पहले बच्चा न जाने कितनी बातें सीखता है। ख़ुद कोशिश करके सीखता है। अपनी जिज्ञासाओं को सुलझाने के लिए तमाम तरह के सवाल करता है। पर स्कूल पहुँचते ही उसका दिमाग़ कुंद हो जाता है और वह बँधे-बँधाए दायरे में सोचने लगता है। जो वह सोचना चाहता है, हम उसे सोचने नहीं देते। हम उस पर अपनी सोच लाद देते हैं।’’
‘‘तो क्या स्कूल बंद कर दिए जाएँ?’’
‘‘अरे नहीं, नहीं,’’ चंदन चचा हँसे, ‘‘मेरा यह मतलब क़तई नहीं है। मैं तो आपसे यह जानना चाहता हूँ कि पढ़ाई के लिए बच्चों को पीटते क्यों हैं?’’
मौलवी साहब ठहाका लगाकर हँसे और बोले, ‘‘आप इन्हें दो दिन पढ़ाकर देखिए, फिर आपको यह सवाल पूछने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।’’
‘‘फिर भी, मैं आपकी राय जानना चाहता हूँ।’’ चंदन चचा शांत भाव से बोले।
‘‘इसलिए कि इनका ध्यान पढ़ाई में लगे। छड़ी के डर से ये इधर-उधर नहीं भटकते। सीधा अपनी राह पर चलते हैं।’’
‘‘अगर मकसद ध्यान लगाए रखना है, तो इसके और भी तरीक़े हो सकते हैं।’’
‘‘मतलब...?’’ मौलवी साहब हैरत से बोले।
‘‘आप पढ़ाई को ऐसा बना दीजिए कि बच्चे को उसमें मज़ा आने लगे। जिस काम में मज़ा आता है, उसमें मन लगाने की कोशिश नहीं करनी पड़ती। मन अपने आप लगता है। चीज़ें याद भी जल्दी होती हैं। बच्चा तो बच्चा, बड़ा भी फिल्म देखकर निकलने के बाद गुनगुनाता हुआ निकलता है। गाना याद करने को कोई नहीं कहता, लेकिन पूरा का पूरा गाना याद हो जाता है। पर अगर इसकी जगह पर दो लाइन की नज़्म दे दो और कहो कि कल सुनाना है तो याद होते हुए भी भूल जाती है। आप समझ रहे हैं न, मैं क्या कहना चाहता हूँ।’’
मौलवी साहब चुपचाप चंदन चचा की बात सुन रहे थे।
‘‘दुनिया बदली, तरीक़े बदले, पहले बैलगाड़ी पर चलते थे, अब हवा में उड़ान भरने लगे। पर हमारी सोच नहीं बदली। हम समझते हैं कि बच्चों को पढ़ाने का एकमात्र यही तरीक़ा है कि उसे मार के डर से पाठ रटा दो। हम चाहते हैं कि बच्चा वह बोले जो हम सुनना चाहते हैं। उसकी अपनी सोच क्या है। इस पर हम ध्यान नहीं देते। अगर हम बच्चे से पूछें कि आसमान का रंग कैसा होता है तो हमारी अपेक्षा यही होती है कि वह नीला कहे। पर यह भी तो हो सकता है बच्चे के दिमाग़ में साँझ का आसमान टँका हो और वह लाल कह बैठे। पत्ती को हरी की जगह पीली कह दे। दरअसल हम चाहते हैं कि बच्चा हमारी निगाह से देखे। हम बच्चे के अनुभव की क़द्र नहीं करते, उस पर अपना अनुभव लादना चाहते हैं, और इस प्रक्रिया में उसकी सोच, उसकी सृजनात्मकता को कुंद कर देते हैं। हालाँकि यह काम आसान नहीं। जहाँ एक मास्टर को पचास बच्चों की कक्षा पढ़ानी हो, वहाँ यह नामुमकिन-सा है। पर जितनी कोशिश हम कर सकते हैं, उतनी तो करनी ही चाहिए न?’’
चंदन चचा अपनी बात कहकर चुप हो गए। दोनों के बीच थोड़ी देर सन्नाटा छाया रहा। फिर अचानक मौलवी साहब ने मेज़ पर रखी छड़ी उठाई और उसके दो टुकड़े कर दिए।



2 comments:

  1. NCF 2005 से संबंधित कार्यशालाओं में इस तरह की बातें ख़ूब की जाती हैं। अगर आप की भी यह कहानी एनसीईआरटी की वर्कशॉप अटेंड करने के बाद की है, तो समझो यह उसी का असर है। इस कहानी की तमाम बातें उल्लेखनीय हैं, लेकिन यह बालकहानी होते हुए भी बड़ों के लिए ज़्यादा है, ख़ासकर शिक्षकों के लिए ... ... .

    ReplyDelete
  2. शिक्षकों के लिए सबक आमोज़ कहानी है...शिक्षण में सुधार और इनोवेशन के लिए सोचने पर मजबूर कर देने वाली कहानी

    ReplyDelete